नवादा : लो वोल्टेज की समस्या से निबटने के लिए विद्युत विभाग द्वारा अभियान तेज किया गया है. नगर क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता के बाद भी वोल्टेज की शिकायत बनी रहती है. इसके लिए विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर प्रयास शुरू किया गया है.
विभाग की माने तो लो वोल्टेज का मुख्य कारण जंफर कटना, अर्थिग का कमजोर होना व ट्रांसफॉर्मर पर अधिक लोड होना है. कई स्थानों पर 11 हजार तार का जंफर कटने से भी आगे के क्षेत्रों में लो वोल्टेज की शिकायत रहती है.
कर्मचारियों की कमी के कारण सही समय पर फॉल्ट की जांच व उसे जोड़ने की व्यवस्था नहीं रहने के कारण लो वोल्टेज से लोगों को परेशान होना पड़ता है. गुरुवार को न्यू एरिया, गढ़ पर, पुरानी कचहरी रोड, विजय बाजार आदि क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए जंफर ठीक किया गया.
सद्भावना फीडर से आपूर्ति होने वाले क्षेत्रों से जंफर कट जाने के कारण बुधवार की रात से ही लो वोल्टेज की समस्या थी. पश्चिमी क्षेत्र के जेइ निरंजन कुमार ने बताया कि जंफर कटने से लो वोल्टेज की समस्या सबसे अधिक होती है. विद्युत कर्मियों की कमी के कारण समय पर तत्काल इसे ठीक नहीं कराया जाता है. बावजूद विभाग तत्परता से जंफर ठीक करने का अभियान चला रहा है.
