नवादा : मैट्रिक की परीक्षा जिले के 84.4 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराया है. जिला से 25 हजार 156 छात्र व 17 हजार 594 छात्राओं ने मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था.
इसमें 24 हजार 567 छात्र व 17 हजार 260 छात्राओं ने परीक्षा में शामिल हुए थे. बुधवार को परीक्षाफल जारी होने के बाद सफल विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गयी. परीक्षा में सात हजार 221 छात्र व चार हजार 133 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी से सफलता प्राप्त की है. जबकि 11 हजार 112 छात्र व सात हजार 577 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी से तथा तीन हजार 477 छात्र व तीन हजार 289 छात्राओं ने तृतीय श्रेणी से सफलता प्राप्त की है.
सफल छात्रों ने बांटीं खुशियां
रिजल्ट देखने के बाद विद्यार्थियों का उत्साह चरम पर दिख रहा था. सफल होने वाले छात्र-छात्राएं जहां खुशियां मनाते हुए मिठाइयां बांटी. लेकिन कम अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थी अपने द्वारा लिखे गये उत्तर की समीक्षा करने में व्यस्त दिखे. ज्ञात हो कि इस वर्ष रिजल्ट में प्रथम श्रेणी लाने वाले विद्यार्थियों की संख्या पिछले वर्षो की तुलना में कम है. बावजूद ट्यूशन, कोचिंग संचालकों सहित स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने परीक्षा परिणाम पर संतोष जताया है.
साइबर कैफे में उमड़ी भीड़
रिजल्ट प्रकाशन की सूचना मिलने के साथ ही नगर के साइबर कैफे व कंप्यूटर सेंटरों में भीड़ जुटने लगी. शाम तीन बजे के बाद रिजल्ट आना शुरू हुआ. इसे देखने के लिए छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह दिखा. पुरानी कचहरी रोड, विजय बाजार सहित नगर के अन्य भागों में संचालित कंप्यूटर दुकानों पर रिजल्ट जानने वाले जुटे दिखे. परीक्षाफल में केवल कुल श्रेणी प्रकाशित होने पर छात्रों में निराशा देखी गयी. लेकिन प्रथम श्रेणी से सफल छात्र इसे दिखे कर ही खुशी में एक-दुसरे से गले मिलते हुए बधाई दी.
कोचिंग सेंटरों में भी खुशियां
मैट्रिक परिणाम होने के बाद खुशियां मनाने में छात्र-छात्राओं सहित स्कूल कोचिंग व ट्यूशन संचालक भी शामिल हुए. ब्राइट कैरियर कोचिंग सेंटर के निदेशक कार्यानंद शर्मा की देख रेख में सफलता पर खुशियां मनाया गया. कोचिंग के छात्र-छात्राओं ने अधिकतम 422 अंक प्राप्त किया है. फ्रंटलाइन कोचिंग सेंटर में निदेशक प्रो विजय कुमार व प्रो भीम राय ने विद्यार्थियों को बधाई दी.
सनराइज कोचिंग सेंटर गोनावां के निदेशक प्रशांत कुमार ने कहा कि कोचिंग की सफलता काफी खुशी हूं, छात्र प्रशांत ने 384 अंक लाकर नाम रोशन किया है. एसके विद्यापीठ कोचिंग सेंटर के निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि कोचिंग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने सफल छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की.
सर्वाधिक छात्र-छात्राएं हुए एक्सपेल्ड
कदाचार मुक्त मैट्रिक परीक्षा के संचालन कराने का दावा जिला में सफल होता दिख रहा है. राज्य भर में सर्वाधिक एक्सपेल्ड होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में जिला का दूसरा स्थान रहा. परीक्षा के क्रम में विभिन्न परीक्षा केंद्रों से कुल 290 छात्र-छात्राओं को एक्सपेल्ड किया गया था. इसमें 217 छात्र व 73 छात्राएं शामिल है. बेगूसराय के बाद राज्य में सर्वाधिक संख्या में जिला के विद्यार्थी एक्सपेल्ड हुए. परीक्षा में की गयी सख्ती का असर रिजल्ट में दिख रहा है.
923 परीक्षार्थियों ने छोड़ी थी परीक्षा
मैट्रिक परीक्षा में कड़ाई को देखते हुए 923 छात्र-छात्राओं ने बीच में ही परीक्षा छोड़ दी थी. परीक्षा के क्रम में विभिन्न परीक्षा केंद्रों से 589 छात्र व 334 छात्राओं ने बीच में ही परीक्षा छोड़ दी थी. अनुपस्थित छात्र-छात्राओं की इतनी बड़ी संख्या पिछले कई परीक्षाओं में नहीं थी.
भगवान के दर पर भी माथा टेका
रिजल्ट प्रकाशन के बाद खुशी का इजहार करने के साथ विद्यार्थियों ने श्रद्धा स्थलों पर माथा टेकना भी नहीं छोड़ा. संकट मोचन मंदिर, प्रसाद बिगहा दुर्गा मंडप, देवी स्थान, शोभ पर आदि मंदिरों में छात्र-छात्राओं की भीड़ दिखी. दुर्गा मंदिर में माथा टेकने आये सुनील कुमार, राजीव नयन, शिल्पी, रानी आदि ने कहा कि खुद की मेहनत के साथ भगवान व माता पिता के आशीर्वाद से सफलता मिली है. भगवान की पूजा कर उनका आशीर्वाद लेने आये हैं, ताकि इस तरह आगे बढ़ाते रहें.
