विरोधियों को कुछ तो करना चाहिए: मंत्री
नवादा : स्थानीय सांसद सह केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह के लापता होने के पोस्टर पर पार्टी के लोगों ने प्रतिक्रिया दी है़ पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा है कि 30 दिसंबर को सांसद ने नवादा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट कर गोविंदपुर के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. दिसंबर में ही रजौली विधानसभा के मेसकौर में जनता दरबार को लेकर बैठक की गयी थी़ नवंबर माह में संसदीय क्षेत्र के कई जगहों पर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था. लिहाजा सांसद को लेकर इस तरह की हरकत असामाजिक और आपराधिक कृत्य है.
हालांकि सांसद सह केंद्रीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरिराज सिंह ने कहा कि जिन्होंने भी पोस्टर लगाया है वह संसदीय क्षेत्र की जनता है. संभव है उनके दिल में उनको लेकर कोई आपत्ति रही होगी. अपनी इस भड़ास को निकालने के लिए इससे कोई बेहतर माध्यम उन्हें नहीं मिला होगा. यही तो हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है कि अपनी बात पहुंचाने के लिए जनता बेजा माध्यमों का इस्तेमाल करती है़ जनप्रतिनिधि उन्हें अपना मालिक समझते हैं.
सांसद को हर समय रहता है क्षेत्र का ध्यान
भाजपा के जिलाध्यक्ष शशिभूषण कुमार बबलू ने कहा कि एनएच-31 की खराब हालत को देखते हुए सांसद ने कहा था कि वह जब तक इसकी मरम्मत का काम शुरू नहीं करवाते तब तक वह रजौली नहीं जायेंगे. इस दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं. सांसद के प्रयासों का ही नतीजा है कि इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत के लिए सरकार ने एनएच-31 को रुपये आवंटित कर चुकी है. शीघ्र ही मरम्मत के काम का शुभारंभ होना है. इस संबंध में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ पूनम शर्मा ने कहा कि जिले में सांसद द्वारा कराये जा रहे काम से विरोधी
परेशानी हैं. यह गंदी राजनीति है. मंत्री जी के लगातार दौरे और जिले के विकास के लिए हो रहे काम को जिलावासी भलीभांति समझ रहे हैं. ऐसी हरकत सिर्फ बदनाम करने का प्रयास है.
