25 जनवरी को मनेगा मतदाता दिवस
पुनरीक्षण में महिला वोटरों की संख्या बढ़ी
नवादा नगर : एक जनवरी 2000 को जन्म लिए युवक और युवती एक जनवरी 2018 को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के योग्य हो गये हैं. निर्वाचन विभाग ऐसे मिलेनियर वोटरों का सम्मान करते हुए उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ा है. पूरे जिले में 74 मिलेनियर वोटरों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े गये हैं. 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर इन सभी नये वोटरों को सम्मानित किया जायेगा. वोटर लिस्ट में नये वोटरों का नाम जोड़ने के साथ ही महिला वोटरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया है.
जिले में आबादी के अनुरूप मतदाता सूची में वोटरों की संख्या नहीं है. यही कारण है कि निर्वाचन कार्यालय नये वोटरों के साथ महिला वोटरों के नाम को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया है. सुखद संयोग कहा जायेगा कि जिन लोगों का जन्म एक जनवरी 2000 को हुआ, उनका नाम एक जनवरी 2018 के आधार पर वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है. वर्ष 2000 को मिलेनियर ईयर मानते हुए ऐसे वोटरों को विशेष रूप से सम्मानित करने की योजना बनायी गयी है. बीएलओ के माध्यम से नये वोटरों को कार्यक्रम स्थल पर भी लाने की तैयारी है. मिलेनियर वोटर के रूप में आवेदन करनेवाले विवेक कुमार ने कहा कि उनका जन्म पहली जनवरी 2000 को हुआ था. वह 8 वर्षके हो गये हैं. उनका नाम वोटर लिस्ट में जुड़ने के साथ वोटर आईडी कार्ड भी बन कर मिल जायेगा.मतदाता सूची में महिला वोटरों की संख्या जनगणना के हिसाब से कम है. पिछले बार हुए मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में नये व महिला वोटरों के नाम जोड़ने पर जोर दिया गया है.
इसी का परिणाम है कि महिला वोटरों की संख्या बढ़ी है. अब तक 1000 पुरुष वोटर के अनुपात में 913 महिला वोटर थीं. पुनरीक्षण के बाद यह संख्या 913 से बढ़ कर 917 होने की संभावना है. यानि प्रति 1000 पुरुष की तुलना में चार महिला वोटरों का अनुपात बढ़ेगा. ध्यान रहे कि जिले में जनगणना के अनुसार 1000 पुरुष पर 939 महिलाओं का आंकड़ा है. चार अक्तूबर से 31 अक्तूबर तथा 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक चले विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में नये वोटरों के नाम जोड़ने का आवेदन लेने व मृतक व डबलिंग वोटरों के नाम विलोपित करने, सुधार करने या एक बूथ से दूसरे बूथ में नाम ट्रांसफर करने का आवेदन लिया गया था.
क्या कहते हैं अधिकारी
मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम पूरा हो गया है. नये मतदाता सूची का प्रारूप 10 जनवरी तक प्रकाशित होने की संभावना है. नयी मतदाता सूची के आधार पर ही मतदाता दिवस पर कार्यक्रम कर नये वोटरों को वोटर के आईडी कार्ड बना कर दिये जायेंगे. इसके अलावा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्यक्रम होंगे.
अविनाश चंद्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी
