पहले मैच में बिहारशरीफ ने धनबाद को आठ विकटों से हराया
सिरदला : खेल को खेल की भावना से ही खेलना चाहिए. यह कुरुक्षेत्र का मैदान नहीं होता है. खेल कला के प्रदर्शन के लिए जाना जाता है. खेल चाहे कोई भी हो इससे शारीरिक विकास तो होता ही है साथ ही साथ यह मानसिक विकास में भी लाभदायक साबित होता है. उक्त बातें मंगलवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ने सिरदला के अांबेडकर मैदान में आयोजित स्व मथुरा प्रसाद यादव मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं.
कार्यक्रम का उद्घाटन तेजप्रताप यादव ने दीप प्रजवलित कर किया. उन्होंने कहा कि खेलकूद से लोगो को आत्म नियंत्रण का सीख लेना चाहिए. उन्होंने मैच के आयोजक बरुण यादव को बधाई देते हुए खिलाड़ियों और दर्शकों को बताया कि सिरदला जैसे पिछड़े प्रखंड में जो इनके द्वारा अपने पिताजी की याद में जो प्रतियोगिता का आयोजन किये है उनका यह योगदान काबिले तारीफ है. इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने भाग लिया है.
टूर्नामेंट का प्रथम मैच बिहारशरीफ बनाम धनबाद के बीच खेला गया जिसमे धनबाद की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में सभी विकेट खोकर 87 रनों का लक्ष्य बिहार शरीफ को दिया. इसके जवाब में बिहार ने 10 ओवर खेलते हुए अपने दो विकेट गवांकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. मौके पर राजद युवा सम्राट जिला पार्षद सदस्य अशोक यादव, स्थानीय विधायक प्रकाशवीर,प्रेमा चौधरी, राजू सिन्हा,छात्र राजद के कुंदन राय,मुखिया अभय यादब,बालेशर यादव,नरेश भगत,बीडीओ कुमुद रंजन थानाध्यक्ष राजकुमार पूर्व जिला पार्षद राजदेव प्रसाद, मैच के अंपायर ललन मेहता व प्रह्लाद कुमार,स्कोरर गुड्डू कुमार, कमेंटेटर दिपु कुमार, सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे.
सुरक्षा की चाक-चौबंद थी व्यवस्था : टूर्नामेंट के उद्घाटन में सिरदला पहुंचे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के आगमन से पूर्व ही प्रशासन ने उनकी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया हुआ था. सुबह से ही स्थानीय थानाध्यक्ष राजकुमार मंच के पास सुरक्षा घेरा तथा बैरिकेटिंग की व्यवस्था कर अनावश्यक भीड़ भाड़ को नियंत्रण करने को लेकर मुस्तैद दिखी.
नीतीश कुमार पर भी ली चुटकी : क्रिकेट मैच के उद्घाटन के मौके पर दर्शकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने महिला सशक्तीकरण की आड़ में बिहार की महिलाओं का दुपट्टा छीना है. गरीबों के पेट पर लात मारते हुए नया बालू अधिनियम लाकर गरीबों की हकमारी की है. यह बालू सिर्फ बालू नहीं है बल्कि कंस्ट्रक्शन का ग्रैंड फादर है.
जिलाध्यक्ष के गायब रहने पर भड़के : सिरदला में आयोजित कार्यक्रम से जिला राजद अध्यक्ष महेंद्र यादव को गायब देख तेजप्रताप भड़क कर उन्हें अध्यक्ष पद से बेदखल करने की बात कही. उन्होंने कहा कि जब उनकी मौजूदगी में जिलाध्यक्ष का यह हाल है तो पता नहीं क्षेत्र में क्या करते होंगे. इसकी शिकायत राजद सुप्रीमो लालू यादव से की जायेगी. मंच पर मौजूद युवा नेता अशोक यादव को भावी जिलाध्यक्ष के रूप में माला पहनाया.
