त्योहारों के दौरान गड़बड़ी करनेवालों को किया जा रहा चिह्नित
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा को किया बंद
सोशल मीडिया में अफवाह फैलानेवाले को किया जा रहा चिह्नित
नवादा नगर : दुर्गा पूजा व मुहर्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी थी. इसे पुरा करने के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने का काम शुरू कर दिया गया है.
उक्त बातें डीएम कौशल कुमार ने पत्रकारों के बातचीत करते हुए कहा. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष तरीके से दोषियों पर कार्रवाई किया जायेगा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान गड़बड़ी करनेवालों की पहचान की गयी है. इन पर कानूनी रूप से कार्रवाई पुलिस प्रशासन के द्वारा की जा रही है. जल्द ही प्राथमिकी व उसके दोषियों के खिलाफ हुई कार्रवाई को भी सार्वजनिक किया जायेगा. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा को बंद कराया है.
नेट पर अफवाह फैलानेवालों की पहचान हो रही है. साइबर अपराध के तहत इनलोगों पर भी कार्रवाई की योजना प्रशासन ने कर ली है. गलत या भ्रामक पोस्ट करनेवालों पर साइबर कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई होगी
