नवादा : नारदीगंज थाना क्षेत्र के सिरपतिया गांव में रविवार की देर शाम भूमि विवाद को लेकर एक युवक को गोलियों से भून कर उसी हत्या कर दी गयी थी़ लेकिन, घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले का एफआईआर दर्ज नहीं किया है़ मृतक युवक इंदर चौहान का पुत्र सुलेटन चौहान है.
इस घटना को अंजाम उस समय दिया गया जब सुलेटन चौहान गांव में हनुमान जी के मंदिर के पास खड़ा था़ घात लगाये उसके सहोदर चाचा जालिम चौहान और महेंद्र चौहान ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसे छलनी कर दिया था. बताया जाता है कि इसके पूर्व भी उसके पिता को भूमि विवाद में ही चाकू मार कर जख्मी कर दिया गया था. उन दिनों भी पुलिस ने कार्रवाई करने में कोताही बरती थी. मृतक के परिजन बताते हैं कि यह विवाद पिछले पांच वर्षों से चल रहा है.
फिलवक्त पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है. थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है़ इसलिए, एफआईआर नहीं किया जा सका है. लेकिन, घटना को अंजाम देनेवालों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
