प्रशासन के समनांतर सहयोगी के रूप में करेंगे काम
सदर एसडीओ व एसडीपीओ ने बढ़ाया कैडरों का हौसला
नवादा नगर : पूजा के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ को संभालने में सुरक्षाबलों व पूजा समितियों के वोलेंटियर के साथ स्काउट्स एंड गाइड के कैडर भी मौजूद होंगे. स्काउट्स व गाइड से जुड़े सीनियर प्रशिक्षित कैडर दशहरा के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों के पास भीड़ के समय लोगों को पंक्ति में लगाकर दर्शन करने का निर्देश देते दिखेंगे. मंगलवार को कैडरों को सदर एसडीओ राजेश कुमार व एसडीपीओ विजय कुमार झा ने प्रोत्साहित करते हुए शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की.
एसडीओ ने कहा कि व्यक्ति के साथ यदि व्यक्तित्व जुड़ जाता है, तो एक अलग पहचान हो जाती है. पिछले बार भी कैडर ने शहर के 25 से अधिक पूजा पंडालों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सक्रियता के साथ काम किया था. पब्लिक और अन्य जिम्मेदार लोगों से मिले फिडबैक बताते हैं कि स्काउट व गाइड के कैडरों ने अन्य लोगों से बेहतर काम करते हुए पूजा को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में अपनी अहम भूमिका निभायी थी. प्रशिक्षक संतु कुमार ने कहा कि 25 पंडालों में छह से सात लोकल कैडरों को लगाया जा रहा है.
अष्टमी व नवमी को आठ पूजा पंडालों के पास छात्राओं के गाइड कैडरों को लगाया जायेगा, जबकि अन्य सभी पंडालों के पास स्काउट के कैडर लगेंगे. नवमी को शाम में चार बजे से भीड़ कम होने तक व दसमी की सुबह नौ बजे से देर शाम तक स्काउट्स के कैडर अपनी भूमिका निभायेंगे.
