एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र आदि के कैडर चला रहे जागरूकता कार्यक्रम
नवादा नगर : खुले में शौच, सौ बीमारी, स्वच्छता जहां, जिंदगी वहां, क्लीन सीटी, ग्रीन सीटी, गांधी जी ने दिया संदेश स्वच्छ रखो भारत देश जैसे नारे लगाते हुए स्कूलों व कॉलेजों के छात्र-छात्रा लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक कर रहे हैं. शहरी क्षेत्रों को जल्द से जल्द खुले में शौच मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए लोगों को जागरूक बनाने के साथ ही जिनके घर शौचालय नहीं बना है, उन्हें शौचालय बनवाने में मदद करने का काम विभिन्न संस्थानों के कैडरों के द्वारा किया जा रहा है.
जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार, लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के लिए छात्र-छात्राओं की मदद ली जा रही है. एनसीसी व स्काउट्स के कैडेट सड़कों पर उतर पर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. नगर पर्षद क्षेत्र में वार्डवार छात्रों की टोली तैयार की गयी है.
कन्हाई इंटर स्कूल के एनसीसी कैडटों ने स्वच्छता अभियान चला कर खुले में शौच रोकने को लेकर लोगों को जागरूक किया. एनसीसी पदाधिकारी सुरेंद्र पांडेय व एनसीसी बटालियन हवलदार जितेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में छात्रों ने कन्हाई नगर, लाइनपार व मिर्जापुर की गलियों में साफ-सफाई करते हुए लोगों को जागरूक किया. साथ ही नुक्कड़ नाटक भी किया गया. इसमें शौचालय नहीं रहने से होनेवाली परेशानियों के बारे में समझाया गया. छात्रों ने कन्हाई स्कूल आकर कन्हाई लाल साहु जी की मूर्ति की सफाई भी की. कार्यक्रम में शशि कुमार प्रसाद, सर्जेंट रंजन कुमार, राकेश रौशन आदि सक्रिय रूप से सहयोग करते दिखे. एनसीसी पदाधिकारी सुरेंद्र पांडेय वार्ड के अनुसार कैडरों की सूची भी नगर पर्षद कार्यालय को उपलब्ध करायी गयी है.
स्काउट एंड गाइड के छात्रों के द्वारा ओडीएफ को लेकर जागरूकता रैली की शुरुआत की गया. कादिरगंज से तीन नंबर बस स्टैंड, इंदिरा चौक, भगत सिंह चौक, डीपीआरओ कार्यालय से होते हुए नगर परिषद तक ‘स्वच्छ नवादा’ बनाने के नारे लगाते हुए छात्रों का दल गुजरा. जिला सचिव रामअकबाल शर्मा के नेतृत्व में स्काउट के कैडरों ने खुले में शौच नहीं करने की सीख दी.
