सदर एसडीओ की पहल पर चला ट्रायल
त्योहारों को लेकर हुई है विशेष व्यवस्था
नवादा नगर : शहर में ट्रैफिक के बोझ को कम करने के लिए वन वे सिस्टम को शुरू किया गया है. नयी व्यवस्था के अनुसार प्रजातंत्र चौक से मेन रोड की ओर आने के लिए चारपहिया वाहनों पर रोक लगा दी गयी है. नवादा की ओर जाने के लिए चारपहिया वाहनों को नये पुल से या बाइपास की ओर से जाने का निर्देश दिया गया है.
वहीं बड़ी दरगाह से नये पुल से बाजार की ओर आनेवाले चारपहिया वाहनों को काली मंदिर के पास से ही मुस्लिम रोड होते हुए लाल चौक से मेन रोड होकर ले जाने का निर्देश जारी किया गया है. ट्रैफिक सिस्टम को व्यवस्थित करने के लिए शुरू किये गये इस अभियान का ट्रायल मंगलवार को किया गया है.
नहीं होता आदेशों का पालन
यातायात व्यवस्था को संभालने में लगी ट्रैफिक पुलिस अपनी ड्यूटी का सही से निर्वहन करना भी चाहे तो आसपास के लोग या पैरवी पहुंचवाले लोग ही नियमों को तोड़ते दिखते हैं.
नगर में कुछ सड़कों से लोड कम करने के लिए वन वे सिस्टम शुरू किया गया था, लेकिन अभी इनमें से किसी भी रोड में यह सिस्टम काम नहीं कर रहा है. पर्व त्योहारों के समय प्रशासन के द्वारा बनाये जाने वाले तात्कालिक नियम भी कुछ दिनों में हवा हो जाते है. यही कारण है कि लोगों को जाम से राहत नहीं मिल पाती है.
पिछली बार भी हुई थी कोशिश, हुए थे नाकाम
जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा या अन्य बड़े पर्व त्योहारों के समय जाम की स्थिति से निबटने के लिए इस प्रकार की कोशिश पिछली बार भी की थी, लेकिन पर्व समाप्त होते ही वह व्यवस्था ध्वस्त हो गयी. नये पुल से गाड़ियों के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए रास्ते से अतिक्रमण को हटाने के अलावा बड़ी गाड़ियों के आवागमन को सिस्टम में बांधना होगा. फूल मंडी के पास संकरा रास्ता होने के साथ ही रोड पर ही रिक्शा या दुकान के सामान बिखरे रहते हैं. इससे हमेशा जाम की समस्या बनती है.
गढ़ पर काॅर्नर, पुरानी बाजार काॅर्नर तथा मुस्लिम रोड कार्नर से पार होने पर ही नये पुल तक लोग पहुंच पाते हैं. जिला प्रशासन ने नयी व्यवस्था को ट्रायल के रूप में शुरू किया गया है, लेकिन पहले दिन भी विजय बाजार काॅर्नर से लेकर काली मोड़ काॅर्नर तक जाम की भयावह स्थिति बनी रही.
ऐसी होगी ट्रैफिक व्यवस्था
प्रजातंत्र चौक से मेन रोड की ओर आने के लिए चारपहिया वाहनों पर रोक
नवादा की ओर जाने के लिए चारपहिया वाहनों को नये पुल से या बाइपास की ओर से जाने का निर्देश
बड़ी दरगाह से नये पुल से बाजार की ओर आनेवाले चारपहिया वाहनों को काली मंदिर के पास से ही मुस्लिम रोड होते हुए लाल चौक से मेन रोड होकर ले जाने का निर्देश
क्या कहते हैं अधिकारी
वन वे सिस्टम को ट्रायल के रूप में शुरू किया गया है. दो तीन दिनों के फिडबैक के आधार पर निर्णय लेकर इसे आगे जारी रखा जायेगा. मेन रोड से जाम को कम करने की कोशिश के रूप में इसे देखा जाना चाहिए.
राजेश कुमार, सदर एसडीओ
