सभी पंडालों को लेना होगा लाइसेंस

शांति समिति. सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का निर्णय, डीएम बोले डीजे पर रहेगा प्रतिबंध दुरुस्त की जायेंगी शहर की हाइमास्ट लाइटें पर्व के दौरान रात में होगी शहर की सफाई नवादा : हमें अपनी-अपनी जबावदेही को समझना होगा तथा एक दूसरे की आस्था का सम्मान करना होगा. उक्त बातें जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने […]

शांति समिति. सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का निर्णय, डीएम बोले
डीजे पर रहेगा प्रतिबंध
दुरुस्त की जायेंगी शहर की हाइमास्ट लाइटें
पर्व के दौरान रात में होगी शहर की सफाई
नवादा : हमें अपनी-अपनी जबावदेही को समझना होगा तथा एक दूसरे की आस्था का सम्मान करना होगा. उक्त बातें जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने नगर भवन में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में कही. डीएम ने कहा कि अप्रिय घटनाओं से जिले का विकास अवरूद्ध होता है व विकास के इस दौर में जिला काफी पीछे छूट जाता है.
उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ पर्व को मनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी पंडालों एवं जुलूस निकालने के लिये अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा. पूजा समिति जुलूस एवं ताजिया समिति पूरे पर्व के दौरान थानाध्यक्ष सहित प्रशासन से सम्पर्क में रहेंगे. डीजे पर प्रतिबंध रहेगा तथा अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति के उपरांत लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा सकता है.
उन्होंने सभी जगहों पर शांति समिति की बैठक करने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि धारा 107 के तहत अभी और भी कार्रवाई होगी. शांति एवं सौहार्द में बाधा उत्पन्न करने वालो पर कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि पंडाल एवं स्टेज बनाने के पूर्व कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण से जांचोपरान्त प्रमाण पत्र लेना होगा. कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि सभी पंडालों में अस्थायी विद्युत कनेक्शन अनिवार्य रूप से दें.
कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को निर्देश दिया कि शहर के बंद पड़े हाइमास्ट लाइट को अविलम्ब चालू करवायें. पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई रात्रि में करवाने की व्यवस्था करें. ट्रैफिक व्यवस्था को दुरूस्त करने एवं वर्तमान में चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लगातार चलता रहेगा. डीएम ने कहा कि पूजा के पूर्व शहर के 29 महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिये जायेंगे, जिसपर कंट्रोल रूम से नजर रखी जायेगी. उन्होंने पूजा समिति के लोगों से भी अपील किया कि पंडाल एवं उसके आस-पास सीसीटीवी कैमरे लगाएं. डीएम ने पंडालों में अग्निशमन यंत्र एवं दस-दस बालू भरा बैग अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया. एसपी विकास वर्मन ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से नवादा वासियों के सहयोग से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि उपद्रवी एवं अासमाजिक तत्वों के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस है और रहेगा भी. उन्होंने कहा कि मुख्य रोड के उपर झालर नहीं लगाएं क्योंकि यातायात में काफी समस्या होती है.
अश्लील एवं उत्तेजक गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अनुमंडल पदाधिकारी नवादा, उप विकास आयुक्त नवादा, जिला अध्यक्ष सह पूर्व विधायक जदयू प्रदीप महतो, राजद के जिला अध्यक्ष महेन्द्र यादव आदि ने अपनी बातें रखी तथा एक स्वर में आपसी सहयोग एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की बात कही. बैठक में शांति समिति का एक नया व्हाट्सएप ग्रुप बनाये जाने का निर्णय लिया गया ताकि सूचना तंत्र को अत्यधिक मजबूती प्रदान किया जा सके. शांति समिति की बैठक के अन्त में समाजिक कार्यकर्ता अफसर नवाब ने सद्भावना गीत गाकर आपसी प्रेम एवं भाईचारे को जीवंत कर दिया.
नगर परिषद के अध्यक्ष एवं जिला परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले पर्वों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रेम एवं भाईचारे के साथ मनाया जायेगा. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन, उप विकास आयुक्त एसएम कैसर सुल्तान, अपर समाहर्त्ता आनन्द प्रकाश, अपर समाहर्त्ता(लोक शिकायत) अजय कुमार पाण्डेय, नवादा व रजौली के अनुमंडल पदाधिकारी, डीपीआरओ परिमल कुमार, अनवर भट्ट, राजेश्वर प्रसाद, मोहम्मद इलियास, अब्दुल सलेह, राज कुमार गुप्ता, विनय यादव सहित सभी बीडीओ, सीओ, शांति समिति के सदस्य व वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >