नगर भवन परिसर में होगा निःशुल्क बाइक पार्किंग जोन
नवादा : शहर में आये दिन सड़कों पर लग रही जाम की समस्या को देखते हुए डीएम कौशल कुमार ने कठोर कदम उठाते हुए मंगलवार से शहर में अतिक्रमण हटाओं अभियान का आगाज कर दिया है. सदर एसडीओ व सदर एसडीपीओ सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने शहर के हर प्रमुख इलाके में अतिक्रमण हटाने का काम किया है.
डीएम ने कहा कि हमें शहर का हर इलाका व्यवस्थित दिखना चाहिए इसके लिये वैसे अतिक्रमणकारियों को हटाने का काम किया गया है. इसके साथ ही टू व्हीलरों के लिये नगर भवन परिसर में निशुल्क पार्किंग जोन बनाने का निर्देश भी जारी कर दिया है. उन्होने कहा कि अतिक्रमण के कारण पूरा शहर अस्त-व्यस्त हो चुका था. अभियान चलाने के दौरान सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने समाहरणालय में तैनात पुलिस कर्मियों को जम कर क्लास लगाया. साथ ही हर इलाके में अलग-अलग टीम बनाकर पुलिस जवानों को तैनात करने के लिये निर्देश भी दिया.
सदर एसडीओ राजेश कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अतिक्रमण में पकड़े जाने पर अगली बार से कठोर कार्रवाई की जायेगी. अतिक्रमण हटाओं अभियान को नगर के प्रसाद बिगहा, मेन रोड, प्रजातंत्र चैक, विजय बाजार, कलाली रोड होते हुए नया पुल के रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र से एनाउंस भी कराया गया. मंगलवार को इस अभियान को लेकर पूरा शहर चकाचक और व्यवस्थित नजर आ रहा था.
