नारदीगंज : थानाध्यक्ष मनोज कुमार के खिलाफ वाहन मालिकों व चालकों ने गुरुवार को नारदीगंज चौक जाम कर दिया. तकरीबन आधे घंटे तक राजगीर-बोधगया राजमार्ग 82 पर सड़क किया गया. लोगों ने थानाध्यक्ष पर पैसे की मांग करने व दुर्व्यहार करने का आरोप लगाया.
थानाध्यक्ष को हटाने की भी मांग की जा रही थी. सूचना मिलते ही एएसआइ विजय कुमार राय पुलिस बल के साथ पहुंचे और आंदोलन कर रहे लोगों को खदेड़ा. सड़क जाम में मैजिक व ऑटो रिक्शों के मालिक व चालक शामिल थे. वाहन मालिक व चालक पंकज सिंह, संतोष कुमार, उमाशंकर चौहान,गुड्डू चौहान, परमेश्वर चौहान, उमेश चौहान, तुलसी चौहान, सुनील यादव समेत अन्य लोगों का आरोप है कि थानाध्यक्ष अकारण लोगों के वाहनों को जब्त कर लेते हैं.
साथ ही नजराने की मांग की जाती है. वाहनों के कागजात सही रहने के बावजूद उन्हें परेशान किया जाता है. थानाध्यक्ष का तबादला नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि वाहनों की जांच की जा रही है. बिना कागजात के वाहन सड़क पर चलाये जा रहे हैं. उन्होंने आरोपों को निराधार बताया. सड़क जाम कर रहे तकरीबन 20-25 लोगों के ऊपर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
