पार्षदों की बैठक में विद्युत, शिक्षा, कृषि पेयजल के मामले उठे
स्कूलों की व्यवस्था सुधारने पर जोर
नवादा : जिला पर्षद सभागार में पार्षदों की बैठक हुई़ इसकी अगुवाई पुष्पा देवी ने की़ इसमें विद्युत, शिक्षा, कृषि, पेयजल आदि विभागों के मामले को प्रमुखता से उठाया गया ़ पूर्व की बैठक में लिए गये निर्णयों तथा सदस्यों द्वारा उठाये गये प्रश्नों व उसके अनुपालन के संबंध में उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एसएम कैसर सुल्तान ने सदस्यों को एजेंडावार जानकारी दी. विद्युत विभाग के अभियंता ने बताया कि हिसुआ प्रखंड के कैथिर फीडर से बुधौल तक का हाइटेंशन बदला जा रहा है़ बुधौल से केंदुआ तक के जर्जर तार को बदल िदया गया है़
विधान पार्षद सलमान रागीव एवं उपाध्यक्ष गीता देवी द्वारा नवादा बाइपास से गढ़ पर होते हुए हाइटेंशन तार आवासीय इलाकों से गुजरने से होनेवाली दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करने को लेकर प्रश्न उठाया गया़
कार्यपालक अभियंता विद्युत ने बताया कि शीघ्र ही इसके लिए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे. जिला पार्षद वीरेंद्र कुमार सिंह, नारायण स्वामी मोहन, पिंकी भारती, रिंकू कुमारी, अंजनी कुमार आदि के द्वारा भी ग्रामीण विद्युतीकरण से संबंधित शिकायत जर्जर तार के बदलाव में विलंब, लो वोल्टेज आदि से संबंधित कई प्रश्न उठाये गये.
जिला पार्षद रंजीत कुमार द्वारा वन विभाग द्वारा वितरित पौधे के गुणवत्ता पर प्रश्न उठाया गया, जिसका कई सदस्यों ने समर्थन किया. अध्यक्षा गीता देवी ने प्रस्ताव रखा कि नवादा में जिला पर्षद की जितनी भी जमीन खाली है, उसपर दुकान निर्माण कराने की कार्रवाई की जाये़ कृषि विभाग के संबंध में भी कई सदस्यों ने शिकायत की कि किसानों को अनुदानित बीज मिलने में कठिनाई हो रही है तथा पिछले वर्ष के भी बीज अनुदान अभी तक कई किसानों को प्राप्त नहीं हुआ है.
उप विकास आयुक्त ने बताया कि सरकार के निर्देश के आलोक में इस माह के प्रथम सप्ताह में ही किसानों को पटवन हेतु डीजल अनुदान की राशि सभी प्रखंडों में भेज दी गयी है. वीरेंद्र सिंह सहित कई सदस्यों द्वारा हिसुआ प्रखंड अंतर्गत चितरघटी, हरसा, तुंगी सहित कई क्षेत्रों में नीलगायों के उत्पात के कारण फसलों की काफी क्षति होने तथा उसका निराकरण करने से संबंधित प्रश्न उठाये गये.
उपस्थित वन विभाग के पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि संशोधित नियमावली के आलोक में जिलास्तर की कमेटी द्वारा शीघ्र निर्णय लेकर अविलंब इस समस्या का निष्पादन किया जाये. बैठक में रजौली विधायक प्रकाश वीर, विधान पार्षद सलमान रागीव, उप विकास आयुक्त एसएम कैसर सुल्तान, उपाध्यक्ष गीता देवी, डीआरडीए निदेशक वीणा प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सतीश चरण झा, डीपीआरओ परिमल कुमार सहित सभी जिला पार्षद एवं प्रमुख आदि उपस्थित थे.
पानी की समस्या दूर करने काे चलेगा अभियान
रजौली विधायक प्रकाश वीर द्वारा रजौली के सवैयाटांड़ मध्य विद्यालय सहित जिले के विद्यालयों में पेयजल की समस्या को लेकर विशेष अभियान चलाने की बात कही गयी. लगभग सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि बैठक में जन प्रतिनिधियों द्वारा उठाये गये समस्याओं पर पदाधिकारी न सिर्फ त्वरित निष्पादन करें बल्कि जनप्रतिनिधियों को भी समय-समय पर उठाये गये कदमों की जानकारी भी दें.
उप विकास आयुक्त ने उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जन प्रतिनिधियों द्वारा विद्यालयों के निरीक्षण के उपरांत की गयी शिकायतों को गंभीरता से लेकर संबंधित विद्यालय का औचक करें. कई सदस्यों द्वारा विद्यालयों में टीचर का समय पर नहीं आना, रूटीन के अनुसार पढ़ाई न होना, नियोजन में अनियमितता आदि के संबंध में प्रश्न उठाये गये थे.
दोषियों पर होगी कार्रवाई
सरोज देवी सहित कई सदस्यों द्वारा रजौली प्रखंड के जंगली क्षेत्र सवैयाटांड़, हरदिया, धमनी, फरक्का बुजुर्ग पंचायत के लगभग सभी विद्यालयों के संबंध में बताया गया कि ये हमेशा बंद ही पड़े रहते हैं.
इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि वह स्वयं जाकर औचक निरीक्षण कर दोषी पाये जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करेंगे. कई सदस्यों द्वारा पीएचइडी के विरुद्ध यह शिकायत की गयी कि चापाकल मरम्मत टीम द्वारा उपकरणों के अभाव में कई चापाकलों की मरम्मत नहीं हो पाती है़ गरमी की छुट्टी के बाद मेसकौर के कस्तूरबा विद्यालय का नहीं खुलना तथा छात्राओं की कम उपस्थिति पर भी सदस्यों ने असंतोष व्यक्त किया.
