Nalanda News (सुनील कुमार की रिपोर्ट): नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय गांव में बाइक चोरी के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग किशोर को निरुद्ध किया है. इसके साथ ही मौके से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है. दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि देवीसराय गांव में स्थानीय ग्रामीणों ने एक कथित बाइक चोर को पकड़ रखा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नाबालिग किशोर को ग्रामीणों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया.
सदर अस्पताल में इलाज जारी
ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाने के बाद पुलिस टीम द्वारा उसे तुरंत उचित उपचार के लिए बिहारशरीफ सदर (मॉडल) अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने वारदात स्थल से चोरी की गई बाइक को भी विधिवत बरामद कर लिया है. अस्पताल में पूछताछ के दौरान पीड़ित किशोर ने पुलिस को बताया कि ग्रामीणों ने उसे बंधक बनाकर उसके साथ पूरी रात बेरहमी से मारपीट की है. उसने पुलिस के समक्ष यह भी बड़ा दावा किया कि इस बाइक चोरी की घटना में शामिल उसका दूसरा साथी किशोर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया है.
फरार आरोपी की खोज जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके से फरार हुए दूसरे किशोर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा सघन छापेमारी की जा रही है. उसे भी जल्द ही निरुद्ध करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल बुरी तरह घायल नाबालिग का सदर अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है. दीपनगर थाना पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच में जुटी हुई है तथा आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने ग्रामीणों से भी कानून हाथ में न लेने की अपील की है.
Also Read: बिंद में सड़क हादसे में घायल आशा कार्यकर्ता की मौत, परिजनों में कोहराम
