Samrat Chaudhary: ‘बिहार में जब तक स्कूल-कॉलेजों से हमारी बेटियां घर नहीं लौटेंगी, तब तक हमारी पुलिस जागती रहेगी’. यह बात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा में कही. सीएम सम्राट आज (शुक्रवार) नालंदा जिले के परनावा गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने श्री शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर लगने वाले राजकीय मेले की शुरुआत की.
सीएम सम्राट बोले- हर पंचायत में बैठेंगे अफसर
इसके साथ ही लोगों को संबोधित करते हुए कई बातें कही. सीएम सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि बिहार में 19 मई से अब हर पंचायत में अफसर बैठेंगे. इस दौरान वे आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे. साथ ही उन्होंने बिहार के विजन पर भी बात कही. सम्राट चौधरी ने कहा, नीतीश जी के काम को आगे बढ़ाऊंगा. मेरे नेता नीतीश जी ने बिहार को सजाया-संवारा है. जो रास्ता मोदी जी और नीतीश जी ने दिखाया है, उसी रास्ते पर आगे बिहार को बदलूंगा.
मॉडल स्कूल और नौकरी का किया जिक्र
इसके साथ ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने भाषण के दौरान हर जिले में मॉडल स्कूल खोले जाने और साल 2030 तक बिहार में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने की बात को दोहराया. नालंदा जिले में कार्यक्रम के बाद सीएम सम्राट गयाजी के लिए रवाना हो गए. यहां वे भगवान बुद्ध का दर्शन करने के साथ-साथ बोधगया कॉरिडोर का निरीक्षण भी करेंगे. गयाजी में सीएम के आगमन से पहले एयरपोर्ट से लेकर बोधगया तक तैयारी पहले ही कर ली गई है.
पटना में की थी पूजा-अर्चना
इससे पहले पटना में सीएम सम्राट भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की थी. मुख्यमंत्री को बौद्ध भंते की ओर से बुद्ध स्मृति पार्क में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया के बोधिवृक्ष, आनंद बोधि वृक्ष और श्रीलंका के अनुराधापुरम से लाये गए बोधि वृक्ष की पूजा अर्चना कराई गई.
Also Read: BPSC प्रिलिम्स परीक्षा का बदला नियम, फिर मिलेगा ‘E’ ऑप्शन, ऐसा करने पर कटेंगे मार्क्स
