नालंदा में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से दो लड़कियों की मौत, शादी का माहौल मातम में बदला

Bihar News: नालंदा में तालाब में डूबने से दो किशोरियों की दर्दनाक मौत हो गई. शादी के कार्यक्रम में शामिल होने गई दोनों लड़कियां अचानक लापता हो गईं, बाद में उनके शव तालाब से बरामद हुए, जिससे गांव में मातम पसर गया.

Bihar News: नालंदा जिले के सरमेरा गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. दुर्गा मंदिर के पास स्थित तालाब में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतकों की पहचान सरमेरा गांव निवासी रामबली राम की 14 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी और दुखन राम की 12 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है. दोनों एक ही मोहल्ले की रहने वाली थीं और आपस में अच्छी दोस्त बताई जाती हैं.

शादी के कार्यक्रम में गई थीं दोनों किशोरियां

बताया जा रहा है कि मोहल्ले में शादी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी क्रम में शादी की विधि-विधान के लिए दोनों किशोरियां अन्य महिलाओं के साथ दुर्गा मंदिर के पास तालाब पर गई थीं. पूजा समाप्त होने के बाद महिलाएं वापस लौट आईं, लेकिन भीड़-भाड़ में दोनों किशोरियां वहीं रह गईं.

लापता होने पर शुरू हुई खोजबीन

जब दोनों किशोरियां घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. काफी देर तक खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो तालाब में डूबने की आशंका जताई गई. इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की.

कड़ी मशक्कत के बाद मिले शव

लंबी खोजबीन के बाद दोनों किशोरियों के शव तालाब के पानी में डूबे मिले. ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरमेरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ स्थित मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया गया है. परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जाता है कि दोनों किशोरियों के पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं. खुशबू कुमारी की मां की मौत करीब 12 साल पहले ठनका (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से हो गई थी. इस घटना ने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया है.

दो मासूम जिंदगियों के यूं अचानक खत्म हो जाने से पूरे सरमेरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं.

Also Read: पाटलिपुत्र में बसने जा रहा मेगा सैटेलाइट टाउनशिप, जमीन वालों की बदलेगी किस्मत, मिल सकता है बड़ा फायदा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >