बिहारशरीफ : संत शिरोमणि बाबा मणि राम के अखाड़ा पर शुक्रवार को सात दिवसीय लंगोट मेला की शुरुआत धार्मिक परंपरा के अनुसार की गयी. जिला प्रशासन की ओर से डीएम बी कार्तिकेय,एसपी डॉ सिद्धार्थ ने बाबा मणिराम की समाधि पर लंगोट चढ़ाया. इस मौके अपर समाहर्ता जगदीश प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता विभागीय जांच खुर्शीद आलम,डीएसओ मो खब्बीर, एसडीओ सुधीर कुमार सहित दर्जनों वरीय सिविल व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
बाबा मणि राम की समाधि पर न्यास समिति के सचिव अमर कांत भारती सहित अन्य सदस्यों ने डीएम व एसपी का स्वागत की और लंगोट अर्पण का कार्य धार्मिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराने में मदद की. डीएम व एसपी ने जिले में शांति, भाई चारा एवं खुशहाली के लिए बाबा से मन्नतें मांगी.
बैंड बाजे के साथ निकला लंगोट जुलूस: डीएम व एसपी के नेतृत्व में प्रशासन की ओर से आकर्षक लंगोट जुलूस निकाला गया. सदर अनुमंडल परिसर में कव्वाली कार्यक्रम के बाद वहां स्थित मंदिर से मंत्रोच्चार के बीच लंगोट का थाल सिर पर रख कर डीएम,एसपी व एसडीओ सदर थाना की ओर रवाना हुए.
सदर थाने से परंपरागत ढंग से लंगोट जुलूस बाबा मणि राम के अखाड़ा के लिए प्रस्थान किया. जुलूस में बड़ी संख्या में प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. जुलूस में सजे-धजे घोड़े,हाथी व ऊंट के साथ पुलिस कर्मियों का कारवां बैंड की धुन पर बाबा मणि राम का जय कारा लगाते लोगों के आकर्षण का केंद्र बने थे.
