18 घंटे की बारिश से शहर के निचले इलाके में घुसा पानी, पहले मॉनसून में ही इंद्रदेव हुए मेहरबान
जलजमाव से शहर की हालत नारकीय
किसानों के चेहरे खिले
बिहारशरीफ : पिछले 18 घंटे तक हुई बारिश से शहर के कई नीचले मोहल्ले में जहां पानी घुस गया, वहीं कई गलियां व सड़कें कीचड़ से सरोबार हो गयीं. ऐसे में लोगों को पैदल चलना भी दुश्वार बन गया. हालांकि नगर निगम द्वारा मॉनसून शुरू होने के डेढ़ माह पूर्व से ही बड़े नालों की उड़ाही युद्ध स्तर पर चलायी जा रही है.
बावजूद सड़क मार्ग से नीचे वाले शहर के कई क्षेत्रों में जलजमाव से लोगों की परेशानी शुरू हो गयी है. शहर के देवीसराय, मंगला रोड, बैंक कॉलोनी, मंसूर नगर, मगध कॉलोनी, गोलापर जैसे कई मोहल्ले में बारिश का पानी घुस आया है. इससे इन क्षेत्रों में छोटे जलाशय का दृश्य बन गया है. हालांकि जब बारिश थमी, तब धीरे – धीरे इन क्षेत्रों से बारिश का जमा पानी कम होने लगा.
बताते चलें कि शनिवार की दोपहर करीब एक बजे हल्की बारिश शुरू हुई जो करीब तीन-चार घंटे तक जारी रही. तत्पश्चात रात्रि सात बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार की सुबह पांच बजे तक हुई. दस घंटे की इस अवधि में हुई घनघोर बारिश से लोगों को ऐसा लगा कि मानो भगवान इंद्रदेव इस मानसून में पहली बार मेहरबान हुए और एक – एक बाल्टी पानी आसमान से बरसाते रहे.
इधर, शहर के रामचंद्रपुर बस स्टैंड, खंदकपर बस स्टैंड, बिचली खंदकपर, गोलापर, सोहसराय बाजार, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, सहोखर, सकुनत, मंगला रोड आदि क्षेत्रों में जब बारिश का जमा पानी समाप्त हुआ तो इन जगहों की सड़के एवं गलियां कीचड़ से पट गयी.
