बिहारशरीफ : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जाति को जमात में बदल कर सूबे के सामाजिक ताने-बाने को सुदृढ़ बना कर इसे विकास की पटरी पर दौड़ाने का काम किया है. उक्त बातें जदयू के वरीय नेता व राजनैतिक सलाहकार समिति के सदस्य अनिल महाराज ने बिंद प्रखंड के ताजनीपुर पंचायत अंतर्गत मदनचक, राजोपुर, रसलपुर व सैदपुर में आयोजित ग्रामीणों की चौपाल में कही.
उन्होंने कहा कि ‘पर्चा पर चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बिहार सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जा रही है. श्री महाराज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा सूबे में जाति, धर्म, संप्रदाय के आधार पर लोगों को भड़काने का काम किया जा रहा है. इसलिए जदयू ने भाजपा की पोल खोलने के लिए गांव-गांव तक परचा पर चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सावधान कर रही है.
विगत लोक सभा चुनाव में अच्छे दिन आने का सपना दिखाने वाली भाजपा सरकार अब अपने वादों को जुमला बता कर लोगों का मजाक उड़ा रही है. लोगों का समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए योग की बात की जा रही है. जदयू के परचा पर चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र की वादा खिलाफी तथा बिहार की उपेक्षा से लोगों को अवगत कराया जायेगा. लोगों के बिहारी स्वाभिमान को झकझोरने के लिए गांव-गांव तक नेता व कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं.
