नामांकन प्रपत्र में 10 प्रस्तावकों की जगह चार ही प्रस्तावक के नाम भरे थे
बिहारशरीफ : विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करनेवाले दो प्रमुख दलों के पूर्व प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हो गया. नालंदा स्थानीय प्राधिकार सीट से नामांकन करनेवाले जदयू के पहले घोषित प्रत्याशी राजेश कुमार सिंह उर्फ राजू यादव और लोजपा की पहले घोषित प्रत्याशी दीपिका कुमारी के नामांकन प्रपत्र में काफी त्रुटियां पायी गयीं, जिसके बाद उनका नामांकन रद्द कर दिया गया. स्थानीय समाहरणालय कक्ष में चुनाव प्रेक्षक सह खान एवं भू-तत्व विभाग के प्रधान सचिव सुभाष शर्मा की देखरेख में नामांकन की संवीक्षा के बाद उनका नामांकन रद्द किया गया.
अब राजू यादव की जगह उनकी पत्नी रीना देवी जदयू की और दीपिका कुमारी की जगह कुमार सुमन सिंह उर्फ डॉ रंजीत लोजपा के अधिकृत उम्मीदवार होंगे.
दोनों ने अंतिम दिन गुरुवार को नामांकन किया था. राजू यादव व दीपिका को आशंका थी कि प्रस्तावकों की संख्या कम होने के कारण उनका नामांकन रद्द हो सकता है, इसलिए दोनों ने आनन-फानन में अपनी-अपनी पार्टी के प्रदेश कार्यालय से सिंबल मंगा पत्नी (राजू यादव की) व पति (दीपिका के) का नामांकन कराया था. जिस समय स्क्रूटनी का कार्य चल रहा था, उस समय प्रमुख दलों के प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि मौजूद थे.
उनके सामने ही इन दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन प्रपत्र में त्रुटि बतायी गयी कि उन्होंने किस तरह नामांकन के चारों सेटों में भारी गलती की है.
