स्नातक प्रथम खंड में जुलाई से होगा नामांकन
बिहारशरीफ (नालंदा) : जिले के डिग्री कॉलेजों में स्नातक प्रथम खंड में नामांकन के लिए एडमिशन फॉर्म मिलने शुरू हो गये हैं. नामांकन की शुरुआत जुलाई से होगी. स्नातक प्रथम खंड में नामांकन लेनेवाले विद्यार्थी कॉलेजों से एडमिशन फॉर्म और प्रोसपेक्टस निर्धारित शुल्क जमा कर प्राप्त कर सकते हैं.
सुविधा के लिए विद्यार्थी अभी से ही नामांकन फॉर्म लेकर उसे भर कर आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ कॉलेज के एडमिशन काउंटर पर जमा कर दें. जिले के किसी भी संबद्ध कॉलेज द्वारा नामांकन फॉर्म लेने के लिए कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गयी है.
फिर भी कॉलेज में नामांकन शुरू होने पर भीड़-भाड़ बढ़ जाने से विद्यार्थियों को उस समय कठिनाई होती है. नालंदा कॉलेज में एडमिशन फॉर्म ले रहे कई विद्यार्थियों ने बताया कि प्रथम श्रेणी में अच्छे अंक नहीं रहने पर मनचाहा विषय को ऑनर्स रखने में बाधा आ सकती है.
खास कर साइंस के विद्यार्थियों के लिए तो प्रथम श्रेणी में भी अच्छे अंक आवश्यक हैं. इसलिए अधिकतर विद्यार्थी कई कॉलेजों में एडमिशन करा लेंगे. हालांकि साइंस में जहां फिजिक्स तथा बॉटनी ऑनर्स की अधिक चाह है, वहीं आर्ट्स में भूगोल तथा गृह विज्ञान को विद्यार्थी ज्यादा महत्व दे रहे हैं.
सभी विषयों का है अपना-अपना महत्व : विगत कई वर्षो से देखा जा रहा है कि विज्ञान के विद्यार्थी जहां फिजिक्स ऑनर्स रखना चाहते हैं, वहीं कला संकाय के विद्यार्थी ज्योग्राफी विषय से ऑनर्स करना चाहते हैं.
विद्यार्थियों की इस मानसिकता से कुछ खास विषयों में नामांकन की भरमार होती है, जबकि अनेक विषयों में विद्यार्थी जुट नहीं पाते हैं. इस संबंध में नालंदा कॉलेज के प्राचार्य डॉ सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि सभी विषयों का अपना-अपना महत्व है.
विद्यार्थियों को इसी समय तय कर लेना चाहिए कि वे क्या पढ़ना चाहते हैं तथा भविष्य में उनका क्या लक्ष्य है? सिर्फ देखा-देखी में विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य से नहीं भटकना चाहिए. इससे विद्यार्थियों को भविष्य में परेशानी हो जाती है. सभी विषयों में समान रूप से नौकरी और रोजगार दिलाने की क्षमता है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित कर स्नातक प्रतिष्ठा के विषय का चुनाव करें.
