बचाव में आये जेठ के हाथ तोड़े
दहशत फैलाने के ख्याल से मौके पर तमंचा लहराया
पांच चक्र गोलियां भी चलायी
बिहारशरीफ : भूषण चौधरी ने वर्ष 2011 में अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी. जिसमें उसे 12 लाख रुपये मिले थे. गांव के कुछ बदमाशों की नजर उसके रुपयों पर थी.वह बार-बार उससे रंगदारी के एवज में साठ हजार रुपये की मांग किया करते थे. नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकियां भी दी जाती थी.
वाकया जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के बेलदरिया गांव से संबंध रखता है.शुक्रवार को भूषण चौधरी के छोटे भाई की पत्नी उना देवी गांव के एक खेत से घास काट कर घर की ओर आ रही थी.
इसी बीच रास्ते में बदमाशों ने उना को घेर कर रंगदारी की रकम जल्द देने की धमकी दी. महिला द्वारा मौके पर ही दबंगों द्वारा दी जा रही धमकियों का कड़ा विरोध किया गया.आग बबूला हुए बदमाशों ने एक तेज धार हथियार से उसके सिर पर जबरदस्त वार कर दिया.इस घटना में महिला के सिर पर गंभीर चोट आयी है,घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे महिला के जेठ भूषण चौधरी पर भी दबंगों ने कहर बरपाते हुए उसके हाथ पर उसी तेज धार हथियार से वार कर दिया.
इस घटना में उसका बायां हाथ टूट गया. घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए घायल श्री चौधरी ने सदर अस्पताल में बताया कि घटना को अंजाम देने वाले सभी लोग गांव के ही हैं. रुपये को लेकर काफी वर्षो से उन्हें परेशान किया जा रहा था.घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों द्वारा मौके पर पांच चक्र गोलियां भी दागी गयी.
इस गोलीबारी की घटना में गांव में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. नूरसराय थाना पुलिस ने बताया कि घायलों के बयान पर कांड दर्ज किया जा रहा है.घटनास्थल पर गोली चली है या नहीं इसकी जांच करायी जा रही है.इस कांड में चार को नामजद आरोपित बनाया गया है.आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.
