बिहारशरीफ : बिहार विधान परिषद के नालंदा स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र से महा गंठबंधन समर्थित जदयू के प्रत्याशी राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को नामांकन किया. श्री सिंह ने समाहरणालय स्थित निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी बी कार्तिकेय के समक्ष नामांकन का परचा दाखिल किया.
इस निर्वाचन क्षेत्र के सिटिंग विधान पार्षद रहे श्री सिंह ने चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया. करीब दो घंटे से अधिक समय तक नामांकन प्रपत्रों की जांच के बाद श्री सिंह के नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गयी. निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में प्रत्याशी व उनके चार प्रस्तावकों के अलावा किसी अन्य को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी.
हालांकि पूरे लौ-लश्कर के साथ नामांकन करने पहुंचे जदयू प्रत्याशी के साथ महा गंठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधि व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे. इनमें सांसद कौशलेंद्र कुमार,विधायक हरिनारायण सिंह,ऊषा देवी,डॉ जितेंद्र कुमार व मंत्री सह नालंदा विधायक श्रवण कुमार शामिल थे. आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से बचने के लिए मंत्री श्री कुमार नामांकन स्थल से करीब 100 मीटर दूरी पर बैठे देखे गये. जबकि सांसद व जिले के उपरोक्त तीन जदयू विधायक,कांग्रेस नेता अशोक कुमार सिंह,राजद के जिलाध्यक्ष हुमायूं अख्तर तारिक,जदयू जिलाध्यक्ष सिया शरण ठाकुर सहित तीनों दल के दर्जनों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कक्ष तक पहुंच गये. जिन्हें बाहर निकालने के लिए स्वयं डीएम को पहल करनी पड़ी.
डीएम बी कार्तिकेय के निर्देश पर सदर एसडीओ सुधीर कुमार कार्यकर्ताओं को वहां से बाहर हटाने का काम किया. हालांकि सांसद,तीनों विधायक,जदयू व राजद के जिलाध्यक्ष सहित दर्जन भर जदयू,कांग्रेस व राजद के नेता व कार्यकर्ता निर्वाची अधिकारी के कक्ष के पास स्थित एनडीसी के कक्ष में नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होने तक बैठे रहे.
दो प्रत्याशियों ने खरीदा नामांकन का परचा :नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन दो प्रत्याशियों ने निर्धारित शुल्क जमा कर नामांकन प्रपत्र खरीदा. इनमें हिलसा थाना क्षेत्र के खड्डी गांव निवासी कुमार सुमन सिंह की पत्नी दीपिका सिंह व चंडी थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी अखिलेश प्रसाद की पुत्री नूतन कुमारी शामिल थी. इसी के साथ नामांकन प्रपत्र खरीदने वाले प्रत्याशियों की संख्या चार हो गयी है.
