जलजमाव से छुटकारा दिलायेगा नगर निगम
बिहारशरीफ : शहर में अब लोगों को जलजमाव की समस्या से जल्द ही छुटकारा मिल सकेगा. नगर निगम इस दिशा में सकारात्मक पहल कर रहा है.
निगम क्षेत्र में कई ऐसे इलाके भी हैं जहां नाले नहीं होने के कारण घरों से प्रतिदिन निकलने वाले गंदा पानी वहीं आसपास के क्षेत्रों में जमा हो जाता है. नतीजतन इन क्षेत्रों की स्थिति नारकीय स्थिति हो जाती है. इससे वहां बदबू फैलती रहती है.
ऐसे में इस इलाके से गुजर रहे लोगों को नाक पर रुमाल रखने की मजबूरी हो जाती है. नगर निगम को इस बारे में कई शिकायतें मिल चुकी है. सबसे ज्यादा फजीहत बारिश के दिनों में होती है.
तब इस इलाके में पानी इस कदर जमा हो जाता है कि लोगों को तीन से पांच फीट पानी में प्रवेश कर घर आने-जाने की मजबूरी हो जाती है. बताते चलें कि नगर निगम क्षेत्र के देवीसराय, सोहनकुआं, इमादपुर सहित कई मोहल्ले बाढ़ या फिर बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या से जूझता रहता है.
ऐसी स्थिति में नगर निगम प्रशासन को जलजमाव क्षेत्रों से पानी निकासी कराने में न सिर्फ पसीने छूट जाते हैं बल्कि इस मद में एक बड़ी रकम भी खर्च करना पड़ता है. ऐसी शिकायतों को दूर करने के लिए निगम ने पूरे शहर में आठ महत्वपूर्ण योजनाओं को खाका तैयार करते हुए इसे पूरा कराने का टास्क लिया है. इस टास्क के तहत निगम क्षेत्र में न सिर्फ नालों का निर्माण कराया जायेगा बल्कि जर्जर एवं नये पथों की पीसीसी ढ़लाई भी की जायेगी.
पीसीसी पथ एवं नाला निर्माण में आने वाली खर्च राशि की सीमा तय कर इसकी स्वीकृति के लिए विभागीय पहल चल रही है. इस मद में कुल 21 करोड़ 88 लाख रूपये की अनुमानित लागत आयेगी. इस राशि की स्वीकृति होते ही निगम क्षेत्र में पीसीसी ढ़लाई एवं नाला निर्माण का कार्य शुरू हो जायेगा.
