घुंघरू की झंकार से गूंज उठीं राजगीर की वादियां

बिहारशरीफ : राजगीर महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को सुश्री ग्रेसी के कत्थक नृत्य की प्रस्तुति से शुरू संगीत की महफिल मुंबई के पाश्र्व गायक जावेद अली की स्वर लहरियों से देर रात तक आबाद रही. राजगीर की वादियां तबले की थाप, हारमोनियम के कर्णप्रिय धुन एवं सुश्री ग्रेसी के घुंघरू की झंकार से गुंजायमान […]

बिहारशरीफ : राजगीर महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को सुश्री ग्रेसी के कत्थक नृत्य की प्रस्तुति से शुरू संगीत की महफिल मुंबई के पाश्र्व गायक जावेद अली की स्वर लहरियों से देर रात तक आबाद रही. राजगीर की वादियां तबले की थाप, हारमोनियम के कर्णप्रिय धुन एवं सुश्री ग्रेसी के घुंघरू की झंकार से गुंजायमान होती रहीं.
नवादा जिले के मॉडर्न माध्यमिक विद्यालय के सप्तम वर्ग की नृत्यांगना सुश्री ग्रेसी ने कत्थक नृत्य का आगाज शिव वंदना के साथ किया. उसने कृष्ण की छवि को मनमोहक अंदाज में प्रस्तुत कर सुधी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. सुश्री ग्रेसी की मनमोहक प्रस्तुति के बाद विधानसभा के उपाध्यक्ष ने उन्हें शाल भेंट कर सम्मानित किया. महफिल के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान के अलंकार म्यूजिकल ग्रुप के संचालक समर आर्य एवं उनके साथियों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को मदहोश कर दिया. ‘केशरिया आयो म्हारो देश.. गीत के साथ राजस्व लोक गीत व नृत्य का ऐसा समां बंधा कि कड़कड़ाती ठंड में भी लोगों को गरमी का एहसास करा दिया. राजस्थानी ग्रुप द्वारा परंपरागत लोक नृत्य भवई, कालवेरिया आदि का भव्य प्रदर्शन किया गया.
पारंपरिक खेलों का भी उठाया लुत्फ
राजगीर. राजगीर महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को कार्यक्रमों की धूम रही. महिला उत्सव, दंगल, तांगा प्रतियोगिता के अलावा ग्रामश्री मेला, व्यंजन मेला, पुस्तक मेला आकर्षण का केंद्र रहा. जिला लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, कृषि विभाग व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से आयोजित नुक्कड़ नाटक, नृत्य एवं गीत-संगीत ने महोत्सव में जान डालने का काम किया. सुबह से देर शाम तक किला मैदान स्थित विभिन्न पंडालों एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं को देखनेवालों का तांता लगा रहा.
मेले में करीब दो दर्जन दूसरे प्रदेशों के स्टॉल के साथ राज्य के कोने-कोने से आये स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों पर भी हस्तशिल्प के घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही. पीएचइडी द्वारा जन व स्वच्छता से संबंधित मॉडल व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम किया गया. वहीं, डीआरडीए, समेकित बाल विकास परियोजना, बाल श्रमिक परियोजना, स्वास्थ्य विभाग आदि द्वारा लगाये गये स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करायी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >