तंबाकू सेवन से करें तौबा, होगी कई रोगों से सुरक्षा
बिहारशरीफ : तंबाकू का सेवन कई बीमारियों की जननी है.अच्छी सेहत व स्वस्थ रहने के लिए लोग तंबाकू का सेवन से पूरी तरह से तौबा करें. लिहाजा कई रोगों से लोगों को सुरक्षा होगी. शरीर स्वस्थ रहेगा तो जीवन सुखमय व्यतीत होगा. साथ ही घर-परिवार भी हमेशा खुशहाल रहेंगे. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यशाला में यह बातें सिविल सर्जन डॉ सुबोध प्रसाद सिंह ने कहीं.सिविल सर्जन ने कहा कि तंबाकू का सेवन करने से मुंह का कैंसर समेत कई अन्य गंभीर बीमारियों की शिकार लोग हो सकते हैं.अतैव इन गंभीर व जानलेवा रोगों से बचने के लिए लोग हरगिज तंबाकू का जीवन में सेवन नहीं करें. जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ मनोरंजन कुमार ने कहा कि एक सर्वे के मुताबिक पहले बिहार में 53.1 फीसदी लोग तंबाकू का सेवन करते थे, लेकिन 2016-17 में कराये गये सर्वे में घटकर 25.9 फीसदी इसकी संख्या रह गयी है.
इस तरह सरकार की ओर से चलाये जा रहे जागरूकता कार्यक्रम सफल दिखायी दे रहा है. कोटापा नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है. इससे पहले सुबह में सदर अस्पताल से जागरूकता रैली निकाली गयी. इस अवसर पर एसीएमओ डॉ शैलेंद्र कुमार, डॉ राजेंद्र चौधरी, डॉ राकेश कुमार डॉ जहांगीर समेत अन्य लोग मौजूद थे.
जानलेवा है तंबाकू, छोड़े आदत
तंबाकू व उससे बनने वाले उत्पाद मानव स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक है.सब लोगों को इससे बचने की जरूरत है. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने गीत संगीत के माध्यम से राजगीर मलमास मेला में लोगों को जागरूक किया.किला मैदान के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय बोलचाल की भाषा में बड़े ही आकर्षक ढंग से कलाकारों ने तंबाकू के साथ-साथ शराब,ताड़ी समेत अन्य सभी प्रकार के नशा से तौबा कर लेने की सीख दी.सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध जादूगर महानंद की इस सांस्कृतिक टीम ने लोगों का भरपूर मनोरंजन भी किया.
गुटका एवं तंबाकू छोड़ो अभियान के प्रणेता आशुतोष कुमार मानव ने इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को बताया कि भारत में प्रति घंटा 114 लोग एवं 24 घंटे में 28 सौ लोग तंबाकू एवं इससे बनने वाले उत्पादों के प्रयोग करने के कारण असमय मृत्यु के आगोश में चले जाते हैं. बिहार में तंबाकू के उपभोग से जनित बीमारियों से प्रतिदिन मरने वालों की संख्या 300 से अधिक है.उन्होंने कहा कि तंबाकू का उपयोग मनुष्य की आयु को 25फीसदी तक घटा देती है.
तंबाकू के प्रयोग से कैंसर,ब्लड प्रेशर,मधुमेह सहित अन्य कई तरह की बड़ी-बड़ी बीमारियां होती हैं. हड्डियां एवं प्रतिरक्षण प्रणाली कमजोर हो जाती है जिससे लोगों का पारिवारिक एवं सामाजिक एवं आर्थिक जीवन भी संकटपूर्ण हो जाता है. उन्होंने उपस्थित लोगों को तंबाकू एवं उससे बनने वाले उत्पादों के प्रयोग न करने की शपथ भी दिलाई.
सूचना व जनसंपर्क विभाग के कलाकारों के द्वारा सरकार के स्तर से चलायी जा रही विभिन्न तरह की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पूरे मेला अवधि में मनोरंजक एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है. गांव व दूर-दराज से आने वाले लोगों को इससे काफी फायदा हो रहा है. प्रत्येक दिन शाम को मेला थाना स्थित मुख्य मंच से बिहार की सांस्कृतिक धरोहरों व लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इन कलाकारों के द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे हैं. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर किला मैदान के समीप आयोजित इस कार्यक्रम के अवसर पर डीपीआरओ लालबाबू, समाजसेवी दीपक कुमार,प्रदुमन कुमार,रमेश कुमार समेत काफी संख्या में मेला में आने वाले लोग उपस्थित थे.
अच्छी सेहत के लिए तंबाकू छोड़िए
बिहारशरीफ. विश्व तंबाकू दिवस के अवसर पर ब्रिलियंट क्लासेस के सभागार में बच्चों के बीच कार्यशाला आयोजित की गयी. इस मौके पर लोगों ने कहा कि अच्छी सेहत के तंबाकू का सेवन लोग छोड़े. तंबाकू छोड़ने से रक्त संचार व फेफड़ा बेहतर से कार्य करता है. खून में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ जाता है. खांसी, थकान की शिकायत कम हो जाती है तथा ह्रदय की धड़कन एवं रक्तचाप सामान्य हो जाता है. ब्रिलियंट ग्रुप के चेयरमैन डॉ शशिभूषण कुमार ने कहा कि अच्छी सेहत के लिए कभी भी तंबाकू का सेवन नहीं करना चाहिए. निदेशक डॉ धनंजय कुमार ने कहा कि तंबाकू नहीं जिंदगी चुनिए, क्योंकि जिंदगी दोबारा मिलती नहीं है और बची हुई जिंदगी को अपने समाज व परिवार को खुशहाल बनाने में लगायें. इस मौके पर प्रो मिथिलेश कुमार, डॉ पुष्पलता विद्यार्थी, प्रो फजल रसूल, रानी कुमारी, स्वाती कुमारी आदि मौजूद थे.
हिलसा. गुटखा व तंबाकू जनित पदार्थों पर लगे प्रतिबंध को जमीन पर लागू कराने की मांग को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शहर मे गुरुवार को विशाल रैली निकाली गई. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अलावा शहर के समाजसेवियों एव शिक्षाविदों ने भी हिस्सा लिया तथा तंबाकू से बचने की अपील की.
इससे पहले रैली को समाजसेवी शिक्षक अजीत कुमार सिंह ने कहा कि तंबाकू का सेवन करने वाले अकेला व्यक्ति को हीं नहीं बल्कि परिवार और सके समाज को भी तबाह कर देता है. रैली को सूर्यमंदिर तालाब परिसर से रवाना करते हुए समाजसेवियों ने कहा कि नशे का बहिष्कार करके ही नागरिकों का भविष्य उज्जवल बन सकता है. नशा नाश का जड़ है भाई, घर घर में है आग लगाई, जो हुआ नशा का शिकार-उजड़ा उसका घर परिवार जैसे नारो से पूरा शहर गूंजयमान्य हो उठा. इस दौरान बच्चे अपने अपने हाथों में आकर्षक रचनिर्मित तख्तियां लेकर लोगो मे नशा विरोधी संदेश फैला रहे थे. रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू जहर है. इसका किसी भी रूप में सेवन करना मौत को दावत देने के समान है. नशे से होने वाली हानियों पर विस्तार से चर्चा की तथा तंबाकू को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया. रैली योगीपुर मोड़, सिनेमा मोड़, बरुण तल, कालीस्थान, गंजपर, सैदबाजार, दरगाह रोड, दुर्गास्थान, काजी बाजार, बिहारी रोड आदि जगहों में गयी. इस मौके पर गुटखा छोड़ो आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार मानव, मदुसुदन कुमार, समाजसेवी शिक्षक अजीत कुमार सिंह, अनिल कुमार भारती, प्रमोद कुमार सुमन, सौरव कुमार, रेश्मा विश्वकर्मा, राजकुमार शशि,डॉ संजय कुमार, सूरज कुमार, विवेक कुमार, सन्तोष कुमार, रवि विश्वकर्मा, सौम्या, गुंजन, आकृति, पूजा, शिवानी, कंचन, आशीष, सुहानी, दीपक, नीतीश आदि मौजूद थे.
