करीब 20 की संख्या में बदमाशों ने मोबाइल दुकान को बनाया निशाना
बिहारशरीफ : लहेरी थाना क्षेत्र के अतिव्यस्तम इलाका कहे जाने वाले रामचंद्रपुर मछली मार्केट के समीप बदमाशों ने करीब पांच- छह फायरिंग कर पूरे एरिया में दहशत फैला दिया. यह वारदात शुक्रवार की रात्रि करीब साढ़े सात बजे के आसपास हुई . इस घटना के बाद आसपास की दर्जनों दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तकरीबन बीस की संख्या में रहे बदमाश युवकों ने बैँक ऑफ इंडिया से सटे मार्केट में एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए वहां पहले रोड़ेबाजी किया और तत्पश्चात, भागने के दौरान पांच- छह हवाई फायिरंग भी की.
इस घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल बना है. घटना के दौरान मोबाइल दुकानदार ने अपने दुकान का शटर गिराकर अपनी जान बचाया. इधर, सूत्रों के अनुसार इस घटना में बदमाश युवकों द्वारा वर्चस्व जमाने की बात भी कही जा रही है. बता दें कि मछली मार्केट के समीप बैँक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, पंजाब नेशनल बैंक सहित कई बड़े नामी- गिरामी प्रतिष्ठान है. इसके बावजूद भी बेखौफ बदमाशों ने इस एरिया में हवाई फायरिंग कर लोगों को सकते में डाल दिया है.
इधर, लहेरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. इधर, नालंदा के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि बदमाशों द्वारा रोड़ेबाजी एवं फायरिंग की घटना की जानकारी ली जा रही है.
