कार्य में लापरवाही पर डॉक्टर समेत दो स्वास्थ्यकर्मी सस्पेंड

बिहारशरीफ : कार्यों के प्रति लापरवाह रहनेवाले डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों के लिए अच्छी खबर नहीं है. एेसे लोग अभी से सजग हो जायें. अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही या शिथिलता सामने आयी तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी. एेसे लोगों को चिह्नित कर स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है. कार्यों […]

बिहारशरीफ : कार्यों के प्रति लापरवाह रहनेवाले डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों के लिए अच्छी खबर नहीं है. एेसे लोग अभी से सजग हो जायें. अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही या शिथिलता सामने आयी तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी. एेसे लोगों को चिह्नित कर स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है.

कार्यों में लापरवाही के आरोप में जिले के एक चिकित्सा पदाधिकारी समेत दो स्वास्थ्य कर्मी कार्रवाई की जद में आ गये हैं. स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारी ने लापरवाह डॉक्टर व कर्मी को निलंबित कर दिया है.

कर्तव्य से अनुपस्थित रहने पर डॉक्टर पर हुई कार्रवाई
सदर प्रखंड बिहारशरीफ के अंतर्गत संचालित तेतरावां अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राजीव रंजन चौधरी को राज्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. चार नवंबर को प्रसव के लिए तेतरावां अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला आयी थी. परंतु, उक्त चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण इलाज के अभाव में प्रसूति महिला के नवजात शिशु की मौत हो गयी थी.
इस आरोप में चिकित्सा पदाधिकारी को निलंबित किया गया है.
निलंबन अवधि में डॉक्टर का गया बनाया गया मुख्यालय
सरकार के अवर सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बिहार, पटना की अधिसूचना के मुताबिक तेतरावां अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निलंबित डॉ चौधरी का गया में मुख्यालय बनाया गया है. निलंबन अवधि में डॉ चौधरी के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में मुख्यालय बनाया गया है. इस अवधि में डॉ चौधरी गया सीएस कार्यालय में ड्यूटी करेंगे. सरकारी आदेशानुसार निलंबित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चौधरी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जायेगा. सिविल सर्जन डॉ सुबोध प्रसाद सिंह ने बताया कि सरकार के आदेश के आलोक में डॉ चौधरी को गया सिविल सर्जन कार्यालय में योगदान करने की हिदायत दी गयी है. जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से निलंबन की सूचना सदर प्रखंड बिहारशरीफ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को भी दी गयी है.
साथ ही अन्य वरीय अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गयी है.
जांच प्रतिवेदन के आलोक में यक्ष्मा सहायक सस्पेंड
जिले के नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित यक्ष्मा सहायक को कर्तव्यहीनता के आरोप में सिविल सर्जन डॉ. सुबोध प्रसाद सिंह ने निलंबित कर दिया है. सीएस डॉ. सिंह ने बताया कि बिहारशरीफ के अनुमंडल पदाधिकारी के जांच प्रतिवेदन व डीएम के निर्देश के आलोक में नूरसराय पीएचसी के यक्ष्मा सहायक राजकुमार प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. साथ ही नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी अलग से की जायेगी. उन्होंने बताया कि निलंबन अवधि में निलंबित यक्ष्मा सहायक का मुख्यालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सरमेरा बनाया गया है. उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >