बेन(नालंदा) : अज्ञात बदमाशों ने एक मोबाइल की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया है. बदमाशों ने दुकान की वेंटिलेटर के सहारे अंदर प्रवेश कर वहां से 56 कीमती मोबाइल व एक लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की यह वारदात थाने से महज चंद दूरी पर स्थित प्रेम राज मोबाइल दुकान में सोमवार की रात्रि घटी. घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची संबंधित थाना पुलिस ने घटना की विस्तृत जानकारी दुकान के मालिक प्रेम राज से ली.
पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी गये मोबाइल में बारह मोबाइल पांच हजार से सात हजार कीमत के थे, तथा शेष बारह से पंद्रह सौ के थे. दुकानदार द्वारा चोरी की इस घटना में दो लाख रुपये मूल्यों के क्षति होने की बात पुलिस को बतायी है. समाचार प्रेषण तक मामला दर्ज नहीं कराया गया है. इधर पुलिस भी इस घटना को लेकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. यहां बतादें कि पिछले दिनों थाना क्षेत्र के एक ज्वेलर्स की दुकान में कुछ इसी अंदाज में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था.
