2017 को गुडबाय व 2018 के वेलकम की हो रही तैयारी
सभी अपने-अपने तरीके से इंज्यॉय करने की कर रहे व्यवस्था
बिहारशरीफ : वर्ष 2017 अब अंतिम पड़ाव पर है. इसके अब कुछ गिनती के दिन ही बचे हैं. 2017 के खत्म होने व नया वर्ष 2018 के आगमन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. घड़ी की सूईयां टिक-टिक कर नववर्ष 2018 की ओर बढ़ती जा रही है. लोग वर्ष 2017 को अलविदा कहने और नये साल 2018 को वेलकम करने की तैयारी में जुटे हैं. बच्चे, जवान व बुजुर्ग सभी अपने-अपने तरीके से इस पल को सेलिब्रेट करने का ख्वाब लिये तैयारी कर रहे हैं. बच्चे व जवान इसके लिए विशेष तैयारी कर रहे हैं. लोग अपने बजट के अनुसार नववर्ष के आगमन का जश्न मनाने की तैयारी करने में मशगूल हैं.
ग्रीटिंग कार्ड से लेकर खाने-पीने व एसएमएस संदेश भेजने का मुकम्मल व्यवस्था की जा चुकी है.
सभी अपने-अपने तरीके इस मोमेंट (पल) को बेहतर बनाने के प्रयास में है. कोई बेहतर पिकनिक स्पॉट पर जाने की तैयारी में जुटा है तो कोई पास के नदी, तालाब के किनारे अपने दोस्तों के साथ इस पल का लुत्फ उठाने का प्लान कर रहा है. कही डीजे की धुन पर थिरकने की तैयारी हो रही है, तो कहीं मोबाइल की मधुर संगीत का मजा लेने और खीर-पूड़ी का आनंद उठाने की व्यवस्था हो रही है. कुछ लोग किसी हिल स्टेशन में नववर्ष का जश्न मनाने की तैयारी में हैं, तो कुछ लोग नालंदा में नववर्ष का जश्न मनाना चाहते हैं.
सजने लगे क्लब, होटल व पार्क :
2017 को अलविदा कहने व 2018 को वेलकम करने के लिए कई जगहों पर रातभर पार्टी का आयोजन किया जाएगा. इसके लिए क्लब, होटल व पार्कों को सजाने-संवारने का काम चल रहा है. शहर के हिरण्य पर्वत पर नववर्ष के अवसर पर लोगों का जमावड़ा लगता है. सुभाष पार्क इस जश्न के अवसर पर खचाखच भरा रहता है. नालंदा व राजगीर में बाहरी सैलानी की भीड़ रहती है. नववर्ष को लेकर राजगीर, नालंदा में स्थानीय लोगों के अलावा बड़ी संख्या देश-विदेश के पर्यटक आते हैं. अभी से ही राजगीर के सभी होटल, रेस्ट हाउस, धर्मशाला आदि फुल हो चुके हैं. छोटे-मोटे होटलों से लेकर बड़े और नामी-गिरामी होटलों की भी यही स्थिति है.
पर्यटन सीजन होने के कारण इस मौसम में ऐसे ही बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. कई दिनों तक यहां रूककर प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने के साथ ही स्वास्थ्य लाभ भी करते हैं. नववर्ष का समय होने के कारण पर्यटकों की संख्या में और इजाफा हो गया है. रूम की तलाश में अभी से पर्यटक इस होटल से उस होटल का चक्कर लगाने को मजबूर हैं.
कई होटलों में अलविदा 2017 का भी आयोजन :
नववर्ष के जश्न को कैच करने के लिए कुछ होटलों में संगीत प्रोग्राम ‘अलविदा 2017’ का आयोजन भी किया गया है. इसके तहत होटल अपने ग्राहकों को इंजॉय करने की पूरी व्यवस्था कर चुके हैं. आकर्षक ढंग से साज-सज्जा की गयी है. राजगीर के कुछ बड़े होटल इसमें शामिल हैं.
नववर्ष पर क्या करें
– अपने स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयत्न करें
– दूसरों के साथ अपने संबंधों को बेहतर बनाने का प्रयास करें
– अपने व्यवसायिक जीवन में ज्यादा सफल होने का प्रयास करें
– कार्य को टालने की आदत छोड़ने की कोशिश करें
– अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें
– अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्लान बनाये और अमल करें
नववर्ष पर क्या न करें :
– किसी के साथ ऐसा व्यवहार न करें जो उन्हें तकलीफ देती हों
– बाइक व अन्य वाहन नियंत्रित तरीके से चलायें और ट्रैफिक नियम का पालन करें
– जश्न मनाते समय ऐसा कुछ न करें जिससे दूसरों को तकलीफ होती है.
– सभी का आदर करें व उनके साथ असामान्य व्यवहार न करें
– जोश में होश कभी न खोएं, इससे स्वयं के साथ दूसरों को परेशानी हो सकती है.
