बिहारशरीफ : कंप्यूटर ऑपरेटर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वालों के तार नालंदा से जुड़ने की बात प्रकाश में आयी है.इस मामले में पटना के कोतवाली थाने में कांड दर्ज होने के बाद सक्रिय हुई पटना पुलिस कई बिंदुओं पर जांच करने में जुटी है.
जानकारी के अनुसार पटना पुलिस को इस मामले में नालंदा जिले के कुछ युवकों के नामों की जानकारी मिली है,जिनके द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर की परीक्षा में फॉर्म भरने वाले युवकों को उनके मोबाइल फोन पर संपर्क कर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की मांग की गयी.इस संबंध में पटना एसएसपी मनु महाराज से शनिवार की संध्या टेलीफोन पर पूछे जाने पर उन्होंने कुछ विशेष बताने से इनकार कर दिया.एसएसपी ने बताया कि पटना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
.मामले को लेकर नालंदा में की गयी छापेमारी के संबंध में पटना एसएसपी ने कुछ भी विशेष नहीं बताया है.उन्होंने कहा कि विशेष जांच के बाद ही कुछ बताना बेहतर होगा.यहां बता दें कि इस ठगी से जुड़े बड़े साइबर अपराधी कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी के परीक्षा फॉर्म भरने वाले छात्रों का डाटा चुरा कर उनके मोबाइल नंबरों पर फोन कर नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की मांग कर रहे हैं.नालंदा के पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिका ने टेलीफोन पर बताया कि पटना पुलिस द्वारा नालंदा में की गयी छापेमारी के संबंध में उनके पास किसी तरह की कोई जानकारी नहीं है.
