फिल्मी गीत-संगीत से लेकर झूमर कजरी और लोकगीत का आनंद उठायेंगे दर्शक
बिहारशरीफ : इस बार भी राजगीर महोत्सव में बालीवुड के कलाकारों को देखने व सुनने का मौका लोगों को मिलेगा. फिल्मी सिटी के नामचीन कलाकारों से लेकर देश के कोने-कोने के लोक गायकों को भी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है. तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव में विभिन्न प्रदेशों के नृत्य संगीत का आनंद भी पर्यटक उठायेंगे. इसमे झूमर, कजरी, चैती, जट-जटनी, झिझिया नृत्य संगीत होगा. साथ ही गजल, भजन, फिल्मी गीत तो होगा ही साथ ही कत्थक,
उड़ीसा के लोक संगीत की भी प्रस्तुति कलाकारों के द्वारा की जायेगी. उद्घाटन की शाम किस कलाकार के नाम होगा इसे स्पष्ट अभी नहीं किया जा रहा है. वैसे चर्चा है कि बालीवुड की गायिका कविता सेठ भी तीन दिवसीय समारोह में कार्यक्रम पेश करेंगी. तीन दिवसीय महोत्सव 25 से 27 नवंबर तक राजगीर के किला मैदान में आयोजित होना है. इसके लिये संरचनात्मक कार्य जारी है.
ग्रामश्री मेला 23 से लेकर 29 नवंबर तक: राजगीर महोत्सव के अवसर पर लगने वाले ग्रामश्री मेले की तैयारी की जा रही है. राजगीर का किला मैदान में इसके लिए पंडाल बनाये जा रहे हैं. डीआरडीए के सहायक अभियंता विनोद कुमार सिन्हा बताते हैं कि ग्रामश्री मेले में जिला प्रशासन द्वारा 205 स्टॉल बनाये जाने का लक्ष्य है. इसके लिए चार ब्लॉकों में बांटा गया है. हर ब्लॉक में 40 से 50 स्टॉल होंगे. स्टॉल को लेकर सरकारी महकमा अलर्ट है. ब्लाॅक ए में जिला प्रशासन व प्रदेश स्तर के विभिन्न विभागों के स्टॉल रहेंगे. इस ब्लॉक में करीब 41 स्टॉल होंगे. ब्लॉक बी में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का ब्लॉक सी में देश के कोने-कोने से आने वाले विभिन्न स्वयं सहायता समूह के ग्रुपों का होगा. इसमें कश्मीर से लेकर तेलंगाना, पंजाब समेत कई राज्यों के रहेंगे. इसमें संबंधित प्रदेश के सामान की बिक्री होगी. ग्रुप डी में व्यंजनों का स्टॉल होगा. वैसे तो राजगीर महोत्सव 25 से लेकर 27 नवंबर तक है, लेकिन ग्रामश्री मेला 23 से लेकर 29 नवंबर तक होगा.
प्रशासनिक स्टॉल एक नजर में
स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा, जीविका उत्पाद विभाग, जीविका, कृषि विभाग, जीविका, नगर निगम, सात निश्चय, ऊर्जा, वन प्रमंडल, बैंकिंग, जिला प्रशासन, ई-गर्वनेस, पशुपालन विभाग, पथ निर्माण विभाग, नालंदा विश्वविद्यालय, शिक्षा विभाग, लोक शिकायत .
