कार्यक्रम. विभिन्न स्कूलों व संगठनों ने आयोजित किया कार्यक्रम
बिहारशरीफ : जिले में मंगलवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती धूमधाम से मनायी गयी. इस मौके पर जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये गये. कई स्कूलों में बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. जिले के निजी विद्यालयों में भी बाल दिवस के मौके पर कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरी उत्साह से भाग लिया.
कैम्ब्रिज स्कूल पहाड़पुरा में पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया. स्कूल के निदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि पंडित नेहरू ने आजादी के संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. इधर कैरियर पब्लिक स्कूल रांची रोड में आयोजित बाल दिवस समारोह का उद्घाटन ग्रामीण विकास व संसदीय कार्यमंत्री श्रवण कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. विद्यालय के निदेश डॉ संजय कुमार तथा प्राचार्य ई. संदीप कुमार, उप प्राचार्या अनुप्रिया भारती द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया.
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपने स्वादिष्ट व्यंजनों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सभी का दिल जीत लिया. विद्यालय की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया.
डीपीएस नालंदा में बाल दिवस पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाया गया. इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन डॉ एए खान ने कहा कि चाचा नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे. इधर सदर आलम मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल में भी धूमधाम से बाल दिवस मनाया गया. मुख्य अतिथि के रूप में अंजुमन तरक्की उर्दू बिहार के सचिव क्यूम अंसारी एवं डीएसपी इमरान परवेज द्वारा दीपप्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया गया. विद्यालय की प्राचार्या रूबीना निशांत ने बाल दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला.
जिले के अन्य निजी विद्यालयों बिहार सेंट्रल स्कूल पालिका बाजार, एसडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल बैगनाबाद, जीवन ज्योति विद्यालय पंडित गली में भी धूमधाम से बाल दिवस मनाया गया. इधर, डिलीजेंट इंग्लिश एकेडमी अम्बेर उचकापर पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर बाल दिवस मनाया गया. प्राचार्या संगीता सिन्हा तथा निदेशक अरुण कुमार द्वारा बच्चों को पंडित नेहरू के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया गया.
इसी प्रकार बाल भारती पब्लिक स्कूल बड़ी पहाड़ी में भी भारी हर्षोल्लास के साथ बाल दिवस मनाया गया.
मुख्य अतिथि श्रम अधीक्षक पूनम कुमारी, निदेशक मनीष कुमार गौतम, अनीता कुमारी, भावना भारती, भारत भूषण सहित विद्यालय के छात्र-शिक्षकों द्वारा पंडित नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया. विद्यालय में इस अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग बनाने वाले विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत भी किया गया.
