नौ पीएचसी प्रभारी के वेतन पर रोक

बिहारशरीफ : कार्यों में उदासीनता बरतने के आरोप में जिले के नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के वेतन पर रोक लगा दी गयी है. इसके अलावा चार पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है. साथ ही कार्यों में सुधार लाने तथा स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का […]

बिहारशरीफ : कार्यों में उदासीनता बरतने के आरोप में जिले के नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के वेतन पर रोक लगा दी गयी है. इसके अलावा चार पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है. साथ ही कार्यों में सुधार लाने तथा स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का टास्क दिया गया है. यह कार्रवाई मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ सुबोध प्रसाद सिंह ने की.

परिवार नियोजन में चार पीएचसी की उपलब्धि संतोषजनक नहीं : समीक्षात्मक बैठक में सिविल सर्जन ने परिवार नियोजन योजना की समीक्षा की तो जिले के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धि संतोषजनक नहीं पायी. सीएस डॉ सिंह ने बताया कि जिले के कतरीसराय, बेन, चंडी व रहुई पीएचसी में इसकी उपलब्धि संतोषजनक नहीं है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उक्त अस्पतालों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा है.
साथ ही अस्पताल में परिवार नियोजन की उपलब्धि बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा परिवार नियोजन कार्यक्रम को पूरी तरह से सफल बनाएं, ताकि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना को जिले में पूरी तरह से सफलीभूत बनायी जा सके. उन्होंने सभी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया कि स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं. मरीजों को बेहतर चिकित्सा मिले. इसके लिए डॉक्टरों व कर्मियों की उपस्थिति ससमय सुनिश्चित करें. रोगियों को चिकित्सकों के सलाह के मुताबिक दवा मिले इसके लिए दवा की उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित रखेंगे, ताकि उन्हें आसानी से दवा उपलब्ध करायी जा सके.
आवश्यकता अनुसार जिला दवा भंडार से दवा का उठाव करें. दवा भंडार का नियमित रूप से जांच करते रहें, ताकि उपलब्धता के बारे में जानकारी हासिल हो सके. मौके पर डीपीएम डॉ ज्ञानेन्द्र शेखर, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ रवींद्र कुमार, डॉ मनोरंजन कुमार, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ समेत जिले के पीएचसी के प्रभारी, अनुमंडलीय अस्पतालों के उपाधीक्षक समेत स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
विवरणी पोर्टल में गर्भवती महिलाओं की इंट्री नहीं
सदर अस्पताल के सभागार में हुई समीक्षात्मक बैठक में सीएस डॉ सिंह ने पीएचसी वार स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान जिले के नौ पीएचसी के कार्यों में त्रुटि पायी गयी. डॉ सिंह ने बिंद, इस्लामपुर, करायपरशुराय, कतरीसराय, नगरनौसा, रहुई, राजगीर व थरथरी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की विवरणी पोर्टल पर इंट्री नहीं पायी.
इस लापरवाही पर उक्त अस्पतालों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए वेतन पर रोक लगा दी. सीएस ने कहा कि कार्यों में हरगिज कोताही नहीं बरती जाये. उन्होंने सभी प्रभारियों को निर्देश दिया कि कार्यों में शिथिलता न बरतें. मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के प्रति हमेशा सजग रहें. योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन किया जाये, ताकि इसका लाभ रोगियों को मिले. उन्होंने बताया कि उक्त पीएचसी के स्वास्थ्य प्रबंधकों व प्रखंड मूल्यांकन पदाधिकारियों के भी वेतन पर रोक लगा दी है. साथ ही जवाब-तलब किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >