56 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण कार्य
राजगीर के पर्यटन में लगेगा चार चांद
यह पहला जू-सफारी है जहां पर तेंदुए को रखा जायेगा
राजगीर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार की दोपहर को राजगीर पहुंचे. यहां पहुंच कर सीएम राजगीर परिसदन में कुछ देर के विश्राम के बाद वे राजगीर जंगल के बीचोबीच बन रहे जू-सफारी पार्क का निरीक्षण करने अपने काफिले के साथ चल पड़े.
संध्या पांच बजे वन विभाग के विश्रामागृह से निकलकर राजगीर जेठियन मार्ग होते हुए जू-सफारी पार्क के बाहरी क्षेत्र का मुआयना किया. साथ में वन विभाग के पदाधिकारियों से सफारी पार्क के निर्माण एवं अब तक की प्रगति पर विचार-विमर्श किया. निरीक्षण के बाद वह पुन: सर्किट हाउस वापस आ गये. इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सड़क मार्ग होते हुए दोपहर दो बजे राजगीर पहुंचे थे. राजगीर परिसदन पहुंचने के उपरांत जवानों ने सलामी दी. इस दौरान जदयू के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका अभिवादन किया. मालूम हो कि राजगीर में बनने वाली इस जू-सफारी का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 17 जनवरी 2017 को किया था.
इसके निर्माण पर 56 करोड़ रुपये खर्च किया जाना है. इसका निर्माण काम भी शुरू हो चुका है. पहले चरण में पूरे क्षेत्र को बाउंड्री करने का काम किया जा रहा है. इसके बनने के बाद राजगीर के पर्यटन में चार चांद लग जायेगा. पांच जू-सफारियों के साथ बनने वाली तितली घर 191.12 हेक्टेयर(478एकड़) में फैला होगा. सफारी का मुख्य आकर्षण बटरफ्लाई पार्क होगा. इसमें रंग-बिरंगी तितलियां रखी जायेगी. यहां बनने वाला तितली घर अपने आप में अनूठा होगा. यह सफारी पांच जोन में बंटी होगी. पहले भाग को शाकाहारी सफारी कही जायेगी.
इसमें हिरण के अलावा सांभर, जंगली सूअर, खरगोश समेत अन्य शाकाहारी पशु रखे जायेंगे. दूसरा बाघ सफारी, तीसरा भालू सफारी, चौथा शेर सफारी व पांचवा तेंदुआ सफारी बनेगा. इस जू-सफारी में तितली घर में रंग-बिरंगी तितली व तेंदुए देखने का अवसर मिलेगा. पर्यटक बंद वाहन में जाकर खुले में घूम रहे जानवरों के देखने का लुफ्त उठायेंगे.
यह पहला जू-सफारी है जहां पर तेंदुए को रखा जायेगा. यह सफारी किसी सेंच्यूरी से कम नहीं होगी. जू-सफारी में एमपी ओपन थियेटर बनेगा. जू-सफारी में स्थित स्काई जोन सबसे आकर्षक होगा. यहां से पूरी सफारी को देखा जा सकेगा. इस सफारी में 1.69 हेक्टेयर में पार्किंग स्थल होगा. यहां पर वाहनों के लगाये जाने के लिए प्रवेश द्वार, शौचालय, पेयजल, टिकट काउंटर होगा. 3.31 हेक्टेयर में हिरण थीम आधारित रिसेप्शन काउंटर होगा. इस कैंपस में गार्डेन, म्यूजियम, कैफेटेरिया, औषधालय होंगे. 2.75 हेक्टेयर में वाटर बर्ड इवरी जोन होगा. जिसमें पक्षियों के उच्च उड़ान भरने के अनुकूल होगा.मालूम हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने प्रवास यात्रा के दौरान जंगल एवं पत्थरों से बंद पड़े राजगीर जेठियन मार्ग का विकास कराया था.
