बिहारशरीफ. भारत सरकार के मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा स्कूली बच्चों के लिए ली जाने वाले राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा व राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गयी.
इनमें प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए आदर्श प्लस टू हाईस्कूल बिहारशरीफ तथा नेशनल प्लस टू हाईस्कूल शेखाना में परीक्षा केंद्र बनाये गये थे. मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए नालंदा कॉलेजिएट प्लस टू हाईस्कूल, सोगरा प्लस टू हाईस्कूल तथा पीएल साहू प्लस टू हाईस्कूल सोहसराय में परीक्षा केंद्र बनाया गया था. राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में कुल 1094 अभ्यर्थियों द्वारा राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा कुल 1154 अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन दिये गये थे. हालांकि रविवार को आयोजित दोनों परीक्षाओं में 2116 अभ्यर्थी ही शामिल हो सके.
जिला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ विमल ठाकुर द्वारा आयोजन को लेकर सभी जरूरी उपाय किये गये थे. सभी परीक्षाकेंद्रों पर ऑबजर्वर सह स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती थी. सभी केंद्रोधीक्षकों तथा वीक्षकों को भी जिला पदाधिकारी द्वारा स्वच्छ व कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजन के लिए सख्त निर्देश दिये गये थे. इसका प्रभाव भी परीक्षा केंद्रों पर नजर आ रहा था. अभिभावकों को परीक्षा केंद्रों से काफी दूरी पर रखा गया था.
तथा अभ्यर्थियों को प्रवेश द्वार पर ही कड़ी तलाशी के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया. वीक्षकों व केंद्राधीक्षकों की सक्रियता के कारण किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ विमल ठाकुर द्वारा सोगरा प्लस टू हाईस्कूल में परीक्षा का निरीक्षण किया गया. उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करायी गयी है. सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया.
