नालंदा प्रोडक्ट अनाज का स्वाद दूसरे जिले के लोग ले रहे
राइस मिलों की जांच से मचा हड़कंप
बिहारशरीफ :नालंदा प्रोडक्ट अनाज का स्वाद दूसरे जिले के लोग भी ले रहे हैं. नालंदा का चावल सूबे के दूसरे जिलों में भी भेजा जा रहा है. हाल में ही डीएमएफसी के द्वारा चावल को सीवान भेजा गया है. इसके पहले भी कई और जिलों को अनाज भेजा जा चुका है. खाद्य आपूर्ति विभाग से आदेश आने के बाद दूसरे जिले में पीडीएस के लिये अनाज भेजे जाते हैं. आदेश के आलोक में निर्धारित अनाज भेजे जाते हैं. चावल भेजे जाने के बाद चावल के बारे में कुछ शिकायतें भी मिली है. नालंदा प्रोडक्ट चावल भेजने के बाद यह शिकायत मिली कि जो चावल नालंदा से भेजा गया है उसकी गुणवत्ता सही नहीं है
शिकायत आने के बाद प्रशासन ने इसे सख्ती से लिया. कुछ दिन पहले हुई आपूर्ति की बैठक में आदेश दिया गया कि चावल की गुणवत्ता की जांच करें. घटिया चावल देने वाले मिलरों पर कार्रवाई करें. आदेश के बाद अधिकारियों के द्वारा चावल की जांच की जा रही है. राइस मिलों के चावल की जांच से मिलरों में हड़कंप मचा है. चावल सही नहीं देने वाले मिलरों पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गयी है. जिले के करीब 52 मिलरों को अनुबंधित किया गया था. इसमें से कई मिलरों द्वारा टूटा हुआ चावल दे दिया गया है. ऐसे लोगों को बढ़िया चावल देने को कहा गया है. अफसरों को भी चेतावनी दी गयी है कि गुणवत्ता देखकर ही चावल जमा लें.
नये सीजन के लिए लक्ष्य निर्धारित
नये सीजन के लिये धान खरीदारी का लक्ष्य जिले को प्राप्त हो गया है. एक लाख 50 हजार टन धान क्रय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. पैक्स के जरिये ही धान की खरीदारी होनी है. धान बेचने वाले किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा. जिला सहकारिता पदाधिकारी अमजद हयात वर्क ने कहा कि धान क्रय करने के लिये लक्ष्य आ गया है.
