नालंदा : गुरुवार की शाम आयोजित सूर्य महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष के पास रास बिहारी हाइस्कूल में आयोजित इस समारोह को सफल बनाने के लिए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास के सदस्य और महोत्सव के आयोजकों ने पूरी ताकत झोंक दी है. रास बिहारी हाइस्कूल में इस कार्यक्रम को लकर विशाल रंगमंच व भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है. सूर्य महोत्सव का उद्घाटन नालंदा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुनैना सिंह करेंगी.
नालंदा में सूर्य महोत्सव आज, तैयारी हुई पूरी
नालंदा : गुरुवार की शाम आयोजित सूर्य महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष के पास रास बिहारी हाइस्कूल में आयोजित इस समारोह को सफल बनाने के लिए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास के सदस्य और महोत्सव के आयोजकों ने पूरी ताकत झोंक दी है. रास बिहारी […]

इस मौके पर ‘विश्व समाज को नालंदा की देन’ विषयक परिचर्चा भी होगी. इस परिचर्चा में नालंदा विश्वविद्यालय की कुलपति के अलावे जाने-माने गांधीवादी विचारक एवं पूर्व सांसद रामजी सिंह, विश्वभारती शांतिनिकेतन के प्राध्यापक प्राेफेसर सुभाष चंद्र राय,नव नालंदा महाविहार डीम्ड विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक डॉ श्रीकांत सिंह, वरीय नागरिक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर श्रीनंदन शर्मा, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के पुत्र केदारनाथ सिंह और पौत्र अरविंद कुमार सिंह के अलावा अन्य कई विद्वतजन इसमें शामिल होंगे. सूर्य महोत्सव को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए न्यास ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ा है.
इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया है, जिसमें अलवर, मथुरा,आरा,हाथरस, चित्तौड़, दिल्ली, लखनऊ और बरबीघा के चर्चित कवि और कवियत्री शामिल होंगे. सूर्य महोत्सव के संयोजक राम विलास ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सूर्य महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है.
महोत्सव का रंगमंच विद्वानों और कवियों के लिए सज धज कर तैयार है. महोत्सव स्थल पर विशाल पंडाल बनाया गया है. उन्होंने बताया कि राजस्थान के अलवर से विनीत चौहान,उत्तर प्रदेश के मथुरा से कवियत्री पूनम शर्मा, बिहार के आरा से भोज कवि के रूप में मशहूर पवन श्रीवास्तव इस कवि सम्मेलन में शिरकत करेंगे. उत्तर प्रदेश के हाथरस के हास्य कवि सुनहरी लाल तुरंत के हास्य व्यंग्य पर ठहाके लगायेंगे. वहीं लखनऊ के सुप्रसिद्ध गीतकार गजेंद्र हिमांशु के गीतों पर झूमेंगे.
विनीत चौहान, शंकर सुखलाल और मुन्ना पाठक वीर रस की कविताओं से दर्शकों में ऊर्जा भरेंगे . शेखपुरा के प्रोफ़ेसर विजय राम रतन सिंह की कविता का भी वाचन होगा. लोक पर्व छठ के पावन अवसर पर स्वामी विवेकानंद द्वारा विश्व धर्म संसद शिकागो अमेरिका में दिए गए ऐतिहासिक संभाषण की 125वीं वर्षगांठ एवं लोकमान्य तिलक के उद्घोष मौके पर इस महोत्सव का आयोजन किया गया है. इस महोत्सव में बिहार राज्य के विभिन्न जिलों के दर्शक और श्रोता तो आते ही हैं. इसके अलावे उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड आदि राज्यों से भी बड़ी संख्या में दर्शक समारोह में शिरकत करते हैं. इस मौके पर नालंदा में दर्जनो तोरणद्वार बनाये गये हैं.
श्वेता शाही को किया जाएगा पुरस्कृत :
रग्बी फुटबॉल की इंटरनेशनल खिलाड़ी श्वेता शाही को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास द्वारा सूर्य महोत्सव के मंच से ‘दिनकर सम्मान’ से नवाजा जायेगा. इस सम्मान के साथ उन्हें 11 हजार नगद, चादर, नालंदा का प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर श्वेता शाही को अलंकृत किया जायेगा.