मुजफ्फरपुर के मड़वन से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur Drugged Youth: जिले के करजा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर-मुजफ्फरपुर न्यू 77 फोरलेन बाईपास पर गुरुवार की अहले सुबह सनसनी फैल गई. बथना राम हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे जंगल में एक अज्ञात युवक बेहोशी की हालत में लावारिस पड़ा मिला. आशंका जताई जा रही है कि युवक नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुआ है. बदमाशों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की और सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए.
मुखिया प्रतिनिधि की सूचना पर दौड़ी पुलिस
सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने जब युवक को झाड़ियों में अचेत पड़ा देखा, तो इलाके में हलचल मच गई. पकड़ी पकोहीं के मुखिया पति अर्जुन राय ने तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी तुरंत डायल 112 पुलिस टीम और मड़वन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को दी.
घटनाक्रम के मुख्य बिंदु
- घटनास्थल: न्यू 77 फोरलेन बाईपास, बथना राम हनुमान मंदिर के समीप, करजा थाना.
- सूचना व एक्शन: मुखिया प्रतिनिधि अर्जुन राय की सूचना पर डायल 112 और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची.
- इलाज व स्थिति: अचेत युवक को पीएचसी मड़वन में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
पहचान जुटाने में लगी पुलिस टीम
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को उठाकर पीएचसी मड़वन पहुंचाया. डॉक्टरों द्वारा युवक का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक युवक को होश नहीं आया था, जिसके कारण उसकी पहचान उजागर नहीं हो सकी है. पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि परिजनों से संपर्क साधा जा सके.
ये भी पढ़ें: रेल यात्रियों को बड़ी राहत, जनसेवा और मिथिलांचल एक्सप्रेस सहित 32 ट्रेनों में मिलेगी मिनी पेंट्री
