'मैं बच्चा चोर नहीं, भोजपुरी सिंगर हूं...' बच्चा चोरी के आरोप में महिला की जमकर धुनाई

मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक पर बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने एक युवती की पिटाई कर दी. पूछताछ में युवती ने खुद को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र की भोजपुरी गायिका चंदा रानी बताया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक पर रविवार को बच्चा चोरी के संदेह में एक युवती की भीड़ ने पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर सदर थाना पहुंचाया. पूछताछ में युवती ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र की भोजपुरी गायिका चंदा रानी के रूप में बताई. उसने कहा कि वह बच्चा चोर नहीं है, बल्कि गलतफहमी का शिकार हो गई. वहीं बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि युवती उनके बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जा रही थी. पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है.

भगवानपुर चौक पर बच्चा चोरी के शक में हंगामा

रविवार दोपहर भगवानपुर चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने एक युवती को एक छोटे बच्चे का हाथ पकड़कर ले जाते देखा. बच्चा चोरी की आशंका में स्थानीय लोगों ने युवती को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई.

युवती बोली- मैं यूपी की भोजपुरी गायिका हूं

सदर थाना में पूछताछ के दौरान युवती ने अपना नाम चंदा रानी बताया. उसके अनुसार, वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र की रहने वाली है और भोजपुरी गायिका है. उसने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को दरभंगा में एक स्टूडियो में भोजपुरी गाने की शूटिंग के लिए निकली थी. उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने बीयर पी रखी थी.

'नशे में गलतफहमी हुई, बच्चा अपने इलाके का लगा'

युवती के मुताबिक, नशे की हालत में उसने तीन-चार साल के एक बच्चे को देखा. उसे लगा कि बच्चा उसके इलाके का है. इसी गलतफहमी में उसने बच्चे का हाथ पकड़ लिया और उसे समोसा खिलाने के लिए अपने साथ ले जाने लगी. तभी बच्चा घबरा गया और शोर मचाने लगा. इसके बाद आसपास के लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी.

बच्चे की मां ने लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

अहियापुर थाना क्षेत्र के पटियासा निवासी बच्चे की मां चंदन देवी ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि वह अपने पति के साथ भगवानपुर चौक के पास एक होटल में खाना खा रही थीं. इसी दौरान उनका बच्चा पास में खेल रहा था. आरोप है कि युवती बच्चे का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाने लगी.

बैग से मिले सामान पर भी मचा विवाद

युवती ने पुलिस को बताया कि उसके बैग से एक तेल का डिब्बा, पाउडर और परफ्यूम मिला था, जिसे लोगों ने नशीला पदार्थ समझ लिया. उसने पुलिस को अपने यूट्यूब पर मौजूद भोजपुरी गानों के वीडियो भी दिखाए और खुद के गायिका होने का दावा किया.

पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच

सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने बताया कि युवती के बयान, उसके द्वारा दिखाए गए यूट्यूब वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है. साथ ही दरभंगा के संबंधित स्टूडियो संचालक से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढे़ं: अहियापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: काम से घर लौट रहे मजदूर को बोलेरो ने रौंदा, मौत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत कुमार प्रभात खबर के साथ पिछले दो वर्षों से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के आठ प्रमुख जिलों—मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मधुबनी, शिवहर, बेतिया और मोतिहारी—की डिजिटल टीम को लीड करते हैं. पत्रकारिता में उन्हें करीब पांच वर्षों का अनुभव है.

डिजिटल पत्रकारिता के विभिन्न आयामों की समझ रखने वाले अनिकेत वर्तमान में हाइपरलोकल पत्रकारिता पर विशेष रूप से काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल, क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों में उनकी खास रुचि है. इससे पहले वे बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक खबरों पर भी काम कर चुके हैं. खबरों के साथ-साथ वीडियो इंटरव्यू, वीडियो रिपोर्ट और सोशल मीडिया रील्स बनाने का अनुभव भी रखते हैं. YouTube और Instagram के कंटेंट एल्गोरिद्म और डिजिटल ऑडियंस की पसंद को समझते हुए वे खबरों को अलग-अलग डिजिटल फॉर्मेट में प्रस्तुत करने पर भी काम करते हैं.

अपने पत्रकारिता करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को जमीनी स्तर पर कवर किया है. प्रभात खबर के साथ बिहार विधानसभा चुनाव कवरेज के दौरान उन्होंने करीब 50 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया, जहां मतदाताओं से सीधे संवाद किया और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम किए. नेताओं से सीधे सवाल पूछने के साथ उन्होंने जनता के बीच जाकर कई जमीनी मुद्दों को वीडियो रिपोर्ट के जरिए सामने रखा. चुनाव के दौरान अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में समय बिताने और लोगों के बीच रहकर रिपोर्टिंग करने के अनुभव उन्हें डेस्क पर खबरों को बेहतर संदर्भ के साथ समझने और प्रस्तुत करने में मदद करते हैं.

प्रभात खबर से पहले वे राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने शुरुआती शिक्षा मुजफ्फरपुर में अंग्रेजी माध्यम से प्राप्त की और इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की.

बदलते मीडिया परिदृश्य और AI के दौर की पत्रकारिता को समझने में भी उनकी लगातार रुचि है. वे नए AI टूल्स और तकनीकों को सीखते हैं और उन्हें पत्रकारिता के काम में उपयोग करने के तरीकों पर लगातार प्रयोग करते रहते हैं. खाली समय में साहित्यिक किताबें पढ़ना और वीडियो बनाना उन्हें पसंद है. उनके लिए पत्रकारिता एक लगातार सीखने और बेहतर करने की प्रक्रिया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >