Muzaffarpur newlywed death: मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआहां गांव में 22 वर्षीया नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
एक वर्ष पूर्व हुई थी शादी
मृतका की पहचान सीतामढ़ी जिले की रहने वाली 22 वर्षीया अमृता कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, अमृता की शादी महज एक वर्ष पूर्व हथौड़ी थाना क्षेत्र के बलुआहां गांव निवासी धीरज कुमार के साथ हुई थी. शादी के अभी एक साल ही पूरे हुए थे कि अचानक इस वारदात से मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया है.
कमरे में फंदे से लटकता मिला शव, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नवविवाहिता ने घर के कमरे में किसी कारणवश गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया. FSL की टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिससे मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
घटना के बाद से पुलिस हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह घरेलू विवाद का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. हथौड़ी थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के लिखित बयान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
