where is my bus: ​बिहार में 15 अगस्त से शुरू होगा 'वेयर इज माई बस' ऐप, बसों का लाइव लोकेशन दिखेगा

where is my bus: ​बिहार राज्य पथ परिवहन निगम 15 अगस्त को 'वेयर इज माई बस' ऐप लॉन्च करेगा. इससे यात्री ट्रेनों की तरह सरकारी बसों का लाइव लोकेशन, मार्ग और किराया जान सकेंगे. ऐप से ऑनलाइन टिकट बुकिंग और बस स्टॉपेज की सटीक जानकारी मिलेगी. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से सुनील कुमार सिंह की रिपोर्ट

where is my bus: अब बिहार में ट्रेनों की तरह सरकारी बसों की भी पूरी जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बिसआरटीसी) आगामी 15 अगस्त को ‘वेयर इज माई बस’ नामक एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रहा है. इस ऐप के जरिए यात्रियों को बसों का लाइव लोकेशन, अनुमानित आगमन समय, मार्ग, किराया और स्टॉपेज संबंधी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी. अब यात्रियों को बस डिपो या काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी. मोबाइल ऐप के माध्यम से वे घर बैठे ही बसों से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. इससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी. ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. अन्य राज्यों में रहने वाले लोग भी इस ऐप के माध्यम से पहले से टिकट बुक कर सकेंगे.

ऐप के जरिए मिलेंगे कई प्रमुख फीचर्स

इस नए ऐप में यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण फीचर्स शामिल किए गए हैं. ऐप के जरिए मैप पर बस की वर्तमान लोकेशन देखी जा सकेगी. इसके साथ ही बस आपके स्टॉप तक कब पहुंचेगी और वह कौन-से मार्ग से होकर जाएगी, इसकी सटीक जानकारी मिलेगी. बसों के प्रस्थान और आगमन का समय भी ऐप पर उपलब्ध रहेगा. राज्यभर में संचालित सभी सरकारी बसों का किराया भी यात्री इस ऐप पर देख सकेंगे. यह ऐप बिहार से बाहर रहने वाले उन लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा, जो छठ, दीपावली, दुर्गापूजा और होली जैसे त्योहारों पर अपने घर लौटना चाहते हैं. जिन शहरों में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसें संचालित होती हैं, वहां से पटना या राज्य के अन्य शहरों के लिए यात्री आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे.

​चिह्नित पड़ाव स्थल पर ही रुकेंगी बसें

राजधानी पटना में बस स्टॉप तो बने हुए हैं, लेकिन अधिकतर बसें निर्धारित स्टॉपेज पर नहीं रुकती हैं. इसे ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम जल्द ही सभी बस स्टॉप को चिह्नित करेगा. ऐप के लॉन्च होने से पहले राजधानी के सभी प्रमुख बस स्टॉप और बस पड़ावों को बेहतर बनाया जाएगा तथा बसों के ठहराव के स्थान निर्धारित किए जाएंगे. इससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या में भी कमी आएगी. ऐप के संचालन के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम जल्द ही टेंडर जारी कर एजेंसी का चयन करेगा. 15 अगस्त को ऐप लॉन्च होने के बाद बिहार में संचालित बसों की संख्या, उनके मार्ग और अन्य जानकारियां तुरंत उपलब्ध हो सकेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >