Voter ID Update: मुजफ्फरपुर जिले में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गई है. निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और संशोधन का काम प्रारंभ किया गया है. इस अभियान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आगामी जनवरी 2027 तक जो युवा 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी अर्हता के साथ अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. प्रशासन ने योग्य नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.
जिले में 33.53 लाख से अधिक वोटर, जेंडर रेशियो 891 पहुंचा
ताजा आंकड़ों के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 33 लाख 53 हजार 205 हो गई है. इसमें पुरुषों की हिस्सेदारी ज्यादा है. जिले में 17 लाख 73 हजार 34 पुरुष मतदाता और 15 लाख 80 हजार 94 महिला मतदाता पंजीकृत हैं. वहीं लोकतंत्र में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए 77 थर्ड जेंडर मतदाताओं को भी सूची में शामिल किया गया है. वर्तमान में जिले का लिंगानुपात (जेंडर रेशियो) 891 है, जिसे बेहतर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
मतदाता सूची में युवाओं का दबदबा, 85 पार के 11 हजार से अधिक बुजुर्ग
जिले की वोटर लिस्ट में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है. फिलहाल जिले में 68,595 युवा मतदाता पंजीकृत हैं, जो लोकतंत्र की प्रक्रिया का प्रमुख हिस्सा बन चुके हैं. इसके साथ ही समाज के वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव भी मतदाता सूची में दिखता है. जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के 11,316 बुजुर्ग मतदाता दर्ज हैं. जिला प्रशासन ने कहा है कि नए फॉर्म भरकर योग्य नागरिक समय पर अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल करा लें.
