ट्रेन टिकट की मारामारी: दशहरा और दिवाली में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है, लेकिन उत्तर बिहार लौटने वाले यात्रियों की परेशानी अभी से बढ़ने लगी है. दिल्ली, मुंबई समेत देश के प्रमुख शहरों से मुजफ्फरपुर, दरभंगा और आसपास के जिलों की ओर आने वाली ट्रेनों में टिकटों की भारी मारामारी शुरू हो चुकी है. 25, 26 और 27 अक्टूबर को कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी कोच तक सीटें फुल हो चुकी हैं, जबकि कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट दिखने लगी है.
25 से 27 अक्टूबर तक टिकटों की सबसे ज्यादा मारामारी
त्योहारी सीजन में घर लौटने की तैयारी कर रहे प्रवासियों ने अभी से टिकट बुकिंग शुरू कर दी है. नतीजा यह है कि 25, 26 और 27 अक्टूबर की तारीखों में दिल्ली और अन्य बड़े शहरों से उत्तर बिहार आने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है.
स्लीपर कोच के साथ-साथ विभिन्न एसी श्रेणियों में भी सीटें तेजी से भर चुकी हैं. कई ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ रही है, जिससे त्योहारों पर घर पहुंचने की योजना बना रहे यात्रियों की चिंता बढ़ गई है.
बिहार संपर्क क्रांति समेत कई ट्रेनों में नो रूम
दिल्ली से मुजफ्फरपुर और दरभंगा की ओर आने वाली प्रमुख ट्रेनों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है. गाड़ी संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की इकोनॉमी 3-एसी श्रेणी में अक्टूबर के कई दिनों में नो रूम का टैग दिख रहा है. यानी इन तारीखों पर बुकिंग के लिए सीटें उपलब्ध नहीं हैं.
वहीं अवध असम एक्सप्रेस (15910), वैशाली एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में भी वेटिंग 70 से 90 के बीच पहुंच गई है. प्रीमियम मानी जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में भी कंफर्म टिकट पाना यात्रियों के लिए आसान नहीं रह गया है.
दशहरा के बाद दिवाली और छठ की बढ़ेगी भीड़
दशहरा के बाद से दिवाली और फिर छठ पूजा तक उत्तर बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती है. दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों में काम करने वाले प्रवासी त्योहारों पर अपने घर लौटने की तैयारी में हैं.
छठ पूजा में शामिल होने के लिए बाहर रहने वाले लोग और छात्र भी सीटों की उपलब्धता पर नजर बनाए हुए हैं. बुकिंग खुलते ही सीटें तेजी से भर रही हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग और बढ़ने की संभावना है.
कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर जुगाड़ में जुटे यात्री
कंफर्म टिकट न मिलने के कारण प्रवासी अब घर पहुंचने के दूसरे विकल्प तलाशने लगे हैं. कई यात्री कनेक्टिंग ट्रेनों के जरिए मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों तक पहुंचने का रास्ता खोज रहे हैं. वहीं कुछ लोग रेलवे की ओर से त्योहारों के दौरान चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं.
हर साल दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाता है. इस बार भी यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे जल्द ही स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करेगा, जिससे त्योहारों पर घर लौटने वाले लोगों को कुछ राहत मिल सकेगी.
यह भी पढे़ं:
मुजफ्फरपुर में 'हसीना गैंग' से सावधान, रात में कार और बाइक सवारों को बना रहे निशाना
