त्योहारों से दो महीने पहले ही ट्रेनों में मारामारी, दिल्ली-मुंबई से आने वाली गाड़ियों में वेटिंग का आंकड़ा 90 पार

त्योहारी सीजन के लिए ट्रेनों में अभी से मारामारी शुरू हो गई है. दशहरा, दिवाली और छठ पूजा से पहले दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों से उत्तर बिहार आने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं. कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 90 पार कर गई है.

Train Ticket Waiting List: त्योहारी सीजन को देखते हुए उत्तर बिहार लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें अभी से बढ़ने लगी हैं. दशहरा, दिवाली और छठ पूजा में भले ही दो महीने का वक्त बचा हो, लेकिन दिल्ली, मुंबई समेत देश के प्रमुख शहरों से मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में आने वाली ट्रेनों में टिकटों की भारी मारामारी शुरू हो चुकी है. हालात ऐसे हैं कि 25, 26 और 27 अक्टूबर की तारीखों में स्लीपर से लेकर विभिन्न एसी श्रेणियों में सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं और लंबी वेटिंग लिस्ट दिख रही है.

Indian Railways Festival Rush: संपर्क क्रांति में नो रूम, वैशाली-सप्तक्रांति में लंबी वेटिंग

दिल्ली से मुजफ्फरपुर और दरभंगा की ओर आने वाली प्रीमियम ट्रेनों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है. गाड़ी संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की 3-एसी इकोनॉमी श्रेणी में अक्टूबर माह की कई तारीखों में 'नो रूम' (टिकट बुकिंग बंद) का बोर्ड लग गया है. वहीं, अवध असम एक्सप्रेस (15910), वैशाली एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस जैसी अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा 70 से 90 के पार पहुंच गया है. प्रीमियम मानी जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में भी कंफर्म सीट पाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है.

दशहरा से छठ तक ट्रेनों में बनी रहेगी यात्रियों की भारी भीड़

दशहरा के तुरंत बाद और दिवाली व छठ से ठीक पहले घर लौटने वाले प्रवासियों की भीड़ हर दिन बढ़ रही है. छठ पूजा में शामिल होने के लिए बाहर रहने वाले नौकरीपेशा लोग और छात्र रोज ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन बुकिंग खुलते ही सीटें मिनटों में फुल हो जा रही हैं.

स्पेशल ट्रेनों की घोषणा के इंतजार और जुगाड़ में जुटे लोग

कंफर्म सीट न मिलने के कारण अब लोग त्योहारों में घर पहुंचने के लिए विभिन्न विकल्प और जुगाड़ खोजने लगे हैं. कोई कनेक्टिंग ट्रेनों की तलाश कर रहा है, तो कोई रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों के ऐलान का इंतजार कर रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि रेलवे जल्द ही राहत देने के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललितांशु

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >