Bochaha Theft Case: जिले के बोचहां प्रखंड अंतर्गत उनसर पंचायत में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो सरकारी भवनों को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है. अज्ञात चोरों ने उच्च विद्यालय उनसर और पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. स्कूल से चोर कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेट ले गए, जबकि पंचायत भवन में ग्रामीणों के जग जाने के कारण चोरी का प्रयास विफल हो गया.
गार्ड के सोते ही स्कूल में घुसे चोर, टीवी व इनवर्टर गायब
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका श्वेता कुमारी ने बताया कि रात के समय स्कूल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड लगभग एक बजे के बाद सो गया था. इसी का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने विद्यालय का मुख्य ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गए. चोर कमरे में रखे दो इन्वर्टर, दो बड़ी बैटरी और एक कीमती स्मार्ट टीवी खोलकर ले उड़े. सुबह जब विद्यालय खुला तो कमरे का ताला टूटा और सामान गायब देख कर्मियों के होश उड़ गए.
घटनाक्रम से जुड़े मुख्य बिंदु
- घटनास्थल: उनसर पंचायत स्थित उच्च विद्यालय और उनसर पंचायत भवन.
- स्कूल से नुकसान: दो बैटरी, दो इनवर्टर और एक टीवी चोरी.
- पंचायत भवन: ताला टूटा, लेकिन ग्रामीणों की आहट से सामान चोरी होने से बचा.
- पुलिस कार्रवाई: बोचहां थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की.
पंचायत भवन में चोरी का प्रयास विफल, छानबीन जारी
स्कूल में वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पास ही स्थित उनसर पंचायत भवन का भी ताला तोड़ दिया. हालांकि, खटपट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों के जग जाने के कारण चोर बिना कुछ चुराए मौके से फरार हो गए. पंचायत सचिव धीरज कुमार ने पुष्टि की है कि पंचायत भवन का ताला टूटा है, लेकिन सारा सामान सुरक्षित है. थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें; मैठी टोल प्लाजा पर जबरन वसूली और मारपीट का आरोप, ट्रक चालक एसोसिएशन ने थाने में जताया विरोध
