Muzaffarpur Theft News: बंदरा, पियर एवं हत्था थाना क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से हड़कंप मचा हुआ है. चोरों का गिरोह सरकारी संपत्ति को निशाना बना रहा है. पियर और हत्था थाना क्षेत्र में पिछले 10 दिनों के भीतर आधा दर्जन से अधिक केंद्रों के ताले काट कर एलईडी टीवी, इनवर्टर और बैटरी गायब किए जा चुके हैं. लगातार हो रही चोरी से सेविकाओं में दहशत का माहौल है.
बुधवार रात एक साथ तीन केंद्रों में बोला धावा
बुधवार की देर रात चोरों ने पियर थाना क्षेत्र के पीरापुर पंचायत स्थित रत्नमनिया गांव के केंद्र संख्या 29, मधैया टोला के केंद्र संख्या 30 और रामपुरदयाल पियर ब्रह्मस्थान स्थित केंद्र संख्या 41 को निशाना बनाया. सुबह साढ़े सात बजे जब सेविकाएं केंद्र खोलने पहुंचीं तो कटा ताला देखकर स्तब्ध रह गईं.
क्या-क्या सामान उड़ा ले गए चोर:
- केंद्र संख्या 30 (मधैया): सेविका अनिता कुमारी के अनुसार नया मोटर, बैटरी, पाइप और अन्य सामान गायब थे.
- केंद्र संख्या 41 (रामपुरदयाल): सेविका रेखा कुमारी के अनुसार मेन गेट का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, इनवर्टर, बैटरी, बच्चों के खिलौने और रजिस्टर चोरी हो गए.
- केंद्र संख्या 29 (रत्नमनिया): यहां से भी ताला काट कर टीवी व इनवर्टर-बैटरी चुराए गए.
समान पैटर्न पर हो रही हैं चोरियां
इससे पूर्व सोमवार की रात हत्था थाना क्षेत्र के घोसरामा (केंद्र संख्या 51) में चोरी हुई थी. वहीं 20 जुलाई की रात बड़गांव के करैला और सिमरा के हिराई हरपुर स्थित केंद्रों में भी इसी पैटर्न पर ताला काट कर उपकरण गायब किए गए थे. घटना की सूचना पियर थाना और बाल विकास परियोजना कार्यालय को दी गई है.
ये भी पढ़ें: साहेबगंज: शाहपुरपट्टी में भीषण चोरी, घर का दरवाजा बाहर से बंद कर 80 लाख के गहने और नकदी पार
