Saraiya News: थाना क्षेत्र के बहिलवारा रूपनाथ माली टोला गांव में बुधवार रात 10 वर्षीय यश राज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक मनटुन सहनी का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिजनों ने रंजिश में हत्या का लगाया आरोप
मृतक के पिता मनटुन सहनी और मां माला देवी का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से उनका पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में उनके बेटे की गला दबाकर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया. हालांकि, इस आरोप की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार जांच जारी
परिजनों के अनुसार, घटना के समय माला देवी अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेत की ओर गई थीं. लौटने के बाद वह अपनी ननद के पास बैठ गईं, जबकि दोनों बच्चे घर चले गए. कुछ देर बाद बेटी माही ने यश के पंखे से लटके होने की जानकारी दी.
परिजन बच्चे को तुरंत नीचे उतारकर एक निजी चिकित्सक के पास ले गए. वहां से उसे तुर्की स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने पर मामले में नियमानुसार जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मृतक के पिता मनटुन सहनी मूल रूप से तुर्की थाना क्षेत्र के छाजन मनरिया गांव के रहने वाले हैं. वह वर्तमान में अपनी दूसरी पत्नी माला देवी और बच्चों के साथ बहिलवारा रूपनाथ माली टोला में अपनी बहन के घर के पास बने मकान में रहते हैं. यश राज के निधन के बाद परिवार में उसकी आठ वर्षीय बहन माही कुमारी ही बची है.
