Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. गोबरसही स्थित एक किराए के मकान में 66 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद जब पुलिस ने उनके बेटे को सूचना दी, तो उसने कहा, "मेरा कोई बाप नहीं है." बेटे की यह बात सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग भी हैरान रह गए. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
किराए के मकान में मिली बुजुर्ग की लाश
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान श्याम कुमार भाटिया (66) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बंगलामुखी रोड, कच्ची सराय के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कई वर्षों से गोबरसही में अकेले किराए के मकान में रह रहे थे. बताया गया कि वह लंबे समय से पेट दर्द समेत कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे. मंगलवार दोपहर कमरे में ही उनकी मौत हो गई.
पहले मकान मालिक ने दी सूचना
मौत की जानकारी मिलने पर मकान मालिक ने सबसे पहले उनके बेटे को फोन किया, लेकिन उसने पिता को पहचानने से ही इनकार कर दिया. इसके बाद सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. कमरे की तलाशी में कई दवाइयां मिलीं, जिससे बीमारी की पुष्टि होने के संकेत मिले.
पुलिस को भी मिला चौंकाने वाला जवाब
पुलिस ने जब खुद बेटे को फोन कर पिता के निधन की जानकारी दी, तब भी उसने साफ शब्दों में कहा, "मेरा कोई बाप नहीं है." बताया जा रहा है कि बेटा मालीघाट में फोटोस्टेट की दुकान चलाता है और पारिवारिक विवाद के कारण काफी समय से पिता से अलग रह रहा था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बुजुर्ग की मौत बीमारी के कारण हुई प्रतीत होती है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. सूचना के बावजूद परिवार का कोई सदस्य शव लेने या पहचान के लिए नहीं पहुंचा. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर जंक्शन यार्ड में टूटा OHE तार, 4 घंटे तक ठप रहा अप लाइन पर रेल परिचालन
